SOLAN जिला की सीमाओं पर पंहुचने वालों की थर्मल स्कैनिंग

Others Solan

DNN सोलन

जिला दण्डाधिकारी सोलन के.सी. चमन ने कोविड-19 के खतरे के दृष्टिगत लोगों का आह्वान किया है कि वे इस संकट को माहमारी बनने से रोकने के लिए सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ केन्द्र, प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी आदेशों का पूर्ण पालन करें। के.सी. चमन आज सोलन जिला के नालागढ़ उपमण्डल के बद्दी में कोरोना वायरस के खतरे से प्रभावी रूप से निपटने के लिए आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
जिला दण्डाधिकारी ने इससे पूर्व जिला के परवाणु में पुलिस बैरियर पर पुलिस तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं अधिकारियों तथा कर्मचारयों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बैरियर पर आने वाले व्यक्तियों की थर्मल स्कैनिंग की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने बद्दी स्थित ईएसआई अस्पताल में आईसोलेशन व्यवस्थाएं भी जांची।
के.सी. चमन ने बैठक में अधिकारियों को बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में निर्देशों का पूर्ण पालन करने एवं आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सहित अन्य आदेश जारी किए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लोगों को उनके घर-द्वार पर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए ‘होम डिलीवरी प्रणाली’ को अधिक सुदृढ़ किया जाना चाहिए। उन्होेंने निर्देश दिए कि आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी के लिए क्षेत्रवार स्थानीय दुकानदारों को चिन्हित करें ताकि लोगों को शीघ्र एवं विश्वसनीय तरीके से वस्तुएं प्राप्त हो सकें।
जिला दण्डाधिकारी ने कहा कि इस संकट काल में कफ्र्यू का पूर्ण पालन करवाने में ग्राम पंचायतों को भी अपना कत्र्वय सही प्रकार से निभाना होगा। यदि ग्राम स्तर पर कोरोना वायरस से किसी की मृत्यु होती है अथवा कोई व्यक्ति इस बीमारी से ग्रस्ति पाया जाता है तो सम्बन्धित ग्राम पंचायत को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी ताकि ऐसी परिस्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि हम सभी को यह सुनिश्चित बनाना होगा कि कोरोना वायरस का फैलाव समुदायिक स्तर पर न हो।
उन्होंने निर्देश दिए कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ सहित जिला की सभी सीमाओं पर पंहुचने वाले चालकों एवं अन्य की थर्मल स्केनिंग में कोई कोताही न बरती जाए। इस कार्य के लिए सभी सीमावर्ती क्षेत्रों में समुचित संख्या में टीमें तैनात रहें। उन्होंने इन क्षेत्रों में तैनात टीमों के लिए ई-शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सोलन जिला में विभिन्न निर्देशों का पालन सुनिश्चित बनाया जा रहा है तथा दैनिक आधार पर अनुश्रवण के माध्यम से आवश्क वस्तुओं की आपूर्ति एवं उपभोक्ताओं तक इनकी पंहुच की निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला में विभिन्न आवश्यक वस्तुओं एवं दवाओं इत्यादि की कोई कमी नहीं है।

News Archives

Latest News