DNN सोलन
मन में कुछ करने की ललक हो और उसको पूरा करने के लिए शिद्दत से कार्य किया जाए तो सफलता मिल ही जाती है। ऐसा ही उदाहरण है जिला सोलन के मांगल निवासी व मेरा भोला है भंडारी भजन फेम गायक हंसराज रघुवंशी का। देश विदेश के अपने प्रशंसकों के बीच बाबाजी के नाम से मशहूर हंसराज रघुवंशी ने अपने गायिकी के हुनर को ऐसा चमकाया कि छोटे से प्रदेश से निकलकर मायानगरी तक में अपने नाम की धूम मचा दी है। भजनों व हिमाचली नाटियों के बाद हंसराज रघुवंशी ने अब बॉलीवुड में भी डेब्यू कर लिया है। सन्नी देओल के बेटे करण देओल की डेब्यू फिल्म पल पल दिल के पास में हंसराज रघुवंशी ने आधा भी ज्यादा गाने से फिल्मों में एंट्री कर ली है। इस गाने में करण देओल ने भी रैप किया है। हिमाचल के लिए ये किसी गर्व से कम नही है कि एक छोटे प्रदेश के गायक ने अपने हुनर के दम पर दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के पोते व सन्नी देओल के बेटे करण देओल की डेब्यू फिल्म के लिए गाना गाया है। इस गाने का ऑडियो तो पहले ही रिलीज हो चुका है। गुरूवार को इस गाने का वीडियो भी रिलीज किया गया। हंसराज रघुवंशी पूरे देश में लाइव शो करके करोड़ों लोगों को अपनी गायिकी का दीवाना बना चुके है। रघुवंशी के गाए इस फिल्म के लिए गाए अपने पहले गाने को दो दिन में ही 12 लाख व्यूज मिल चुके है।
ऐसे मिला फिल्म में गाने का मौका
हंसराज रघुवंशी की मैनेजर के अनुसार मनाली में ऑडिशन के दौरान प्रदेश के कई गायकों ने अपना भाग्य आजमाया था लेकिन हंसराज रघुवंशी की दमदार गायिकी ने उन्हें फिल्म का हिस्सा बनने में कामयाबी दिला दी। हंसराज रघुवंशी भी फिल्म में गाने को लेकर काफी उत्साहित है। उन्होंने गुरुवार रात को करण देओल के साथ गाना गाते हुए एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया था। हंसराज रघुवंशी की मैनेजर ने बताया कि कुछ दिन पूर्व हंसराज रघुवंशी मुंबई देओल परिवार के पास गए थे। उन्होंने बताया कि वह सोनी टीवी पर शनिवार को प्रसारित होने वाले मशहूर सिंगिंग रिएलिटी शो सुपरस्टार सिंगर में भी फिल्म की स्टारकास्ट के साथ शो में फिल्म प्रोमोशन में भाग लेने गए थे। शनिवार शाम काे प्रसारित हुए शो में हंसराज रघुवंशी ने अपनी दमदार प्रस्तुति से धर्मेंद्र, सन्नी दियोल, करण देओल, सहर बांबा के अलावा शो के जज हिमेश रेशमिया, अलका याज्ञनिक जैसे दिग्गजों गायकों ने भी तालियां बजाकर हंसराज रघुवंशी का स्वगत किया।
बाबाजी गाने से की थी गायिकी की शुरूआत
हंसराज रघुवंशी ने अपनी गायिकी का सफर बाबाजी गाने के साथ शुरुआत की थी। यह गाना भी लोगों के बीच काफी पॉपुलर हुआ था लेकिन इसी वर्ष आए मेरा भोला है भंडारी ने उनको देश विदेश में रातों रात पहचान दिला दी। इसके अलावा सोणा नजारा तेरे भवना रा, फकीरा, गंगा किनारे जाना, शिमला गर्ल, जोगी बडा प्यारा लगदा , जय शंकर व बाबा बदनाम जैसे गाने गाकर लोगों के दिलों में अपनी जगह बना चुके है।















