DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
14 फरवरी। धर्मपुर स्कूल के समीप कूड़े के ढेर में 25 बैलेट पेपर के साथ अन्य सामग्री के मिलने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने डीसी सोलन से मामले की रिपोर्ट तलब की है।
जिला में चुनाव से संबंधित ऐसा मामला पहली बार हुआ है कि मतगणना के लगभग 21 दिनों बाद खुली जगह में चुनाव की सामग्री गिरी हुई मिली है। बैलट पेपर यहां पर गलती से गिरे या फिर कोई साजिश रची गई। इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद हो जाएगा। वहीं दूसरी ओर कांग्रेसी इस मामले पर उग्र हो गई है और लगातार सरकार की घेराबंदी कर रही है।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जिला परिषद सोलन के वार्ड 10 दाड़वा वार्ड के उम्मीदवार राज कुमार शर्मा ने मामले को लेकर पुलिस में शिकायत पत्र भी सौंपा है।
बता दें कि यह मामला शनिवार सुबह लगभग सवा दस बजे सामने आया है। जब एक स्थानीय व्यक्ति रामरत्न किसी के इंतजार में स्कूल के समीप खड़ा हुआ था। इस दौरान उसका ध्यान कुड़े के ढेर पर गया और देखा कि कुछ बैलेट पेपर जैसे कागज पड़े है। इसके पश्चात उसने इस ढेर में से एक कागज उठाकर देखा तो पाया गया कि वास्तव में ही यह बैलेट पेपर है। इसकी जानकारी तुरन्त पुलिस व प्रशासन को मिली और दोनों ही मौके पर पहुंच गए।
कूड़े के ढेर में मिले सभी बैलेट पेपर राज कुमार के पक्ष में
शनिवार को दिनभर सुर्खियों में रहे बैलेट पेपर में राज कुमार के पक्ष में मत पड़े है। हालांकि, राज कुमार शर्मा चुनाव हार गए है, लेकिन उनके पक्ष में एक साथ 25 बैलेट पेपरों का एक बंडल के साथ अन्य सामग्री का मिलना प्रशासन की एक बड़ी लापरवाही भी दर्शाता है। गौरतलब हो कि जिला परिषद दाड़वा वार्ड 10 में 15 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमे दाड़वा वार्ड से रमेश ठाकुर विजयी हुए थे।
सरकार पर कांग्रेस ने साधा निशाना
उधर, कांग्रेस पार्टी द्वारा इस प्रकार कूड़े के ढेर में बैलेट पेपर के मिलने का निशाना सरकार पर साधा है और कहा है कि यह सब सरकार की मिलीभगत से हुआ है। उन्होंने ने कहा कि किसी को फायदा पहुंचाने के लिए इस प्रकार का षड्यंत्र रचा गया है। इस मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।
क्या कहना है राज कुमार शर्मा का
राज कुमार शर्मा ने कहा कि उन्हें पहले हलसे ही शक था कि उनके साथ कुछ गड़बड़ हुई है। वह मतगणना के समय पहले व दूसरे राउंड के काफी आगे चल रहे थे, लेकिन एक दम वह तीसरे नम्बर पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि अब कूड़े के ढेर से 25 बैलेट पेपर जिसमे वोट उन्हें पड़े है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को लेकर कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और कोर्ट में अपील करेंगे। यही नहीं वह इस मामले को लेकर गहनता से जांच करवाएंगे और चुनावी नतीजों पर स्टे लेंगे।
जांच के बाद होगा खुलासा
नायब तहसीलदार कसौली रमेश चंद चंदेल ने कहा कि बरामद मतपत्र दाड़वा वार्ड नंबर 10 के घडसी, चंडी और बढलग मतदान केंद्रों के हैं। बैलेट पेपरों पर जिला परिषद उम्मीदवार राजकुमार के चुनाव चिह्न पर मुहर लगी है। इस वार्ड में कुल 15 उम्मीदवार में थे। जांच के बाद ही मतपत्रों के वैध और अवैध होने का पता चलेगा।















