DNN सोलन
मोबाइल पर बच्चों द्वारा खेली जा रही विभिन्न गेम कितनी घातक साबित हो सकती है। इसका अंदाजा सोलन जिला के अर्की क्षेत्र में सामने आए इस मामले से लगाया जा सकता है। मोबाइल पर पबजी खेलने के चक्कर में एक नाबालिग घर से जमा 2 की परीक्षा के दौरान प्रेक्टिकल देने गया, लेकिन वह महाराष्ट्र पहुंच गया। लड़के के घर न लौटने पर उसके परिजनों ने पहले तो यह सोचा कि वह परीक्षा के बाद शादि में चला गया होगा, लेकिन जब वह शाम तक शादि में भी नहीं पहुंचा, तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। यहां पर सोलन पुलिस ने सूचना मिलने के बाद तकनीकी जांच शुरू की और पाया कि नाबालिग का फोन बंद है। पुलिस ने तकनीकी जांच में पाया कि घर से गायब नाबालिग पबजी खेल रहा था और उसका टास्क पूरा करने के लिए घर से महाराष्ट्र की ओर जा रहा है।
पबजी गेम में युवक के साथ एक महाराष्ट्र का युवक गेम खेल रहा था और टास्क को पूरा करने के चक्कर में नाबालिग घर से निकल गया। इसी बीच इस नाबालिग ने टे्रन में मौजूद किसी व्यक्ति के फोन से पबजी खेल रहे महाराष्ट्र के युवक को फोन किया और जानकारी दी कि वह महाराष्ट्र पहुंच रहा है। इसी बीच सोलन पुलिस पहले ही पबजी खेल रहे युवक से संपर्क साध चुकी थी। जैसे ही नाबालिग का फोन महाराष्ट्र के युवक को गया। उसने सोलन पुलिस को जानकारी दी कि नाबालिग लड़का टे्रन में है। इसी आधार पर सोलन पुलिस ने महाराष्ट्र रेलवे पुलिस से संपर्क किया और जानकारी दी कि औरंगाबाद लोकेशन में ट्रेन में एक नाबालिग सफर कर रहा है, जोकि घर से गायब हुआ है। इसी आधार पर रेलवे पुलिस ने उसे मनमाड़ के नजदीक पकड़ लिया और सोलन पुलिस को उसकी सूचना दी। इसके बाद सोलन पुलिस की टीम यहां से युवक के अभिभावक के साथ महाराष्ट्र के लिए रवाना हुई और लड़के को बरामद करके उसे अभिभावक को सुपुर्द किया। टीम उसे वापिस लेकर आ रही है।
डीएसपी रमेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नाबालिग लड़के के लापता होने की शिकायत 17 फरवरी को पुलिस में दर्ज करवाई गई थी। जांच के दौरान जब पुलिस ने उसकी टावर लोकेशन का पता किया तो वह महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले के मनमाड़ में पाया गया। जिसे वहां की पुलिस से संपर्क कर युवक को पकड़ लिया गया है। जिसे लेने के लिए सोलन पुलिस की टीम उसके अभिभावक के साथ महाराष्ट्र पहुंच चूकी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे समय समय पर अपने बच्चों के मोबाइल जरूर चैक करें। ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।















