DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
23 अप्रैल। कालका-शिमला नेशनल हाई-वे पांच के पहले टोल प्लाजा पर ग्रामीण क्षेत्र की 07 युवतियों के साथ 03 महिलाओं ने कमान संभाल ली है। साक्षात्कार के बाद लगभग दो दिन तक हुई युवतियों की ट्रेनिंग के बाद कोरल कंपनी ने तैनाती कर दी है। हालांकि, युवतियों की तैनाती गुरुवार को होनी थी, लेकिन कार्य को बारीकी से समझाने के लिए कंपनी द्वारा ट्रेनिंग का समय एक दिन ओर बढ़ाया गया था। इसके बाद शुक्रवार को कंपनी रूल्ज के मुताबिक़ युवतियों की तैनाती टोल कलेक्शन के लिए कर दी है। खास बात यह है कि इस टोल में ग्रामीण क्षेत्र की युवतियों को प्राथमिकता दी गई है। यह युवतियां टोल प्लाजा पर सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक अपनी सेवाएं देगी और इसके बाद कंपनी द्वारा तैनात अन्य लोग कमान संभालेंगे।

एक दिन बढ़ाया गया था ट्रेनिंग का दिन
बता दें कि कालका-शिमला नेशनल हाई-वे पांच पर परवाणू से सोलन (चंबाघाट) तक फोरलेन में पहला टोल प्लाजा सनवारा में बनाया गया है। इस टोल प्लाजा में 19 अप्रैल से शुल्क लगना शुरू हो गया है। शुरू हुए इस प्लाजा में पहले कंपनी के लोगों ने मोर्चा संभाला हुआ था, लेकिन अब कंपनी ने स्थानीय युवतियों को रोजगार का अवसर दिया है। इनकी तैनाती के लिए साक्षात्कार 20 अप्रैल को कम्पनी द्वारा लिए गए थे और 21 अप्रैल को ट्रेनिंग युवतियों को दी गई, लेकिन टोल प्लाजा के कार्य को देखते हुए ट्रेनिंग का एक दिन ओर बढ़ाया गया। 22 अप्रैल को भी ट्रेनिंग दी गई और कार्य को समझाया गया। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद युवतियों को टोल कलेक्शन की जिम्मेवारी दे दी गई शुक्रवार सुबह से युवतियों ने बूथ संभाल लिया है। युवतियों के टोल प्लाजा पर कार्य करने से यह बात सिद्ध हो गई है कि युवतियां कोई भी कार्य आसानी से पूर्ण कर सकती है और हर एक फील्ड में आगे आ सकती है।
इस प्रकार होगा कार्य
सनवारा टोल प्लाजा पर शुरुआत में 07 युवतियां व 03 महिलाएं टोल पर कार्य करेगी। इन 03 महिलाओं में से 01 महिला टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर एरिया के लोगों के लिए पास व जिला के भीतर रजिस्टर हुए कमर्शियल वाहनों की मेपिंग का कार्य करेगी।
युवतियों की सेफ्टी का भी रखा पूरा ध्यान
सनवारा में युवतियों की तैनाती को मध्यनज़र रखते हुए सेफ्टी का भी पूरा ध्यान कंपनी द्वारा रखा गया है। सीसीटीवी कैमरे के आलावा भी सुरक्षा के लिए हर पुख्ता इंतजाम किए गए है। यही नहीं अगर किसी युवती को कार्य के समय कोई कठिनाई आती है तो बूथ में सायरन भी लगाया गया है। किसी भी प्रकार की क्वायरी व समस्या आने पर इसका प्रयोग किया जा सकता है।

क्या कहना है मैनेजर का
कोरल एसोसिएट कंपनी के सनवारा टोल प्लाजा के मैनेजर कालू सिंह का कहना है कि बूथ संभालने के लिए 08 युवतियां व 03 महिलाएं तैनात की गई है। शुक्रवार से महिलाओं ने कलेक्शन का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसी की साथ एक समय में 40 कर्मी टोल पर तैनात रहेंगे। सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है।















