DNN बद्दी ( शर्मा)
पुलिस का कार्य जहां कानून व्यवस्था बनाए रखना है । वही सड़क हादसों में कमी लाने के लिए सड़कों की हालत सही हो इसका ख्याल भी अब पुलिस अधिकारी रखने लगे हैं । यही कारण रहा कि सोलन जिला के बद्दी पुलिस जिला के एसपी मोहित चावला सड़कों की दुर्दशा सुधारने के लिए अब स्वयं मोर्चा पर डट गए हैं।
बद्दी नालागढ़ नेशनल हाईवे 105 पर भुड्ड में पड़े गड्ढों को भरवाने के लिए मोहित चावला खुद सडक़ पर उतरे। लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों के साथ पुलिस कर्मियों ने भी काम किया। जितनी देर काम चलता रहा एसपी मोहित चावला मौके पर रहे और सडक़ में खुद गाड़ी लगाकर जाम भी नहीं लगने दिया। एक साईड सडक़ पर काम चलता रहा और दूसरी साईड ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित रखा गया। जिला पुलिस के फेसबुक पेज पर जैसे ही एसपी मोहित चावला की तस्वीरें पुलिस विभाग ने शेयर की जनता ने उनका धन्यवाद किया और सैल्यूट करते हुए उनकी कार्यप्रणाली को लीक से हटकर बताया।
बद्दी नालागढ़ नेशनल हाईवे पर पिछले कई दिनों से पड़े बड़े बड़े गड्ढे जहां जाम का कारण बन रहे थे वहीं लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए थे। बारिश के बाद यहां गड्ढे पानी से भर जाते थे और लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था। जिस बाबत लोगों ने सोशल मीडिया पर भी गड्ढों की तस्वीरें शेयर करके सरकार, प्रशासन और मौजूदा विधायक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। लोगों ने गड्ढों को विकास से जोड़ते हुए तंज कसे थे। वहीं यह गड्ढे जाम का सबसे बड़ा कारण बन रहे थे और घंटों लाईन में फंसकर लोग सडक़ों को कोसते थे।
लेकिन वीरवार को जिला पुलिस कप्तान मोहित चावला ने लोक निर्माण विभाग से संपर्क करके कर्मचारियों को मौके पर बुलाया। लोनिवि के कर्मचारियों के साथ साथ पुलिस जवान भी साथ डटे और गड्डों को भरा गया। इस दौरान एसपी मोहित चावला भी एनएच पर गाड़ी लगाकर खड़े रहे और जाम भी नहीं लगने दिया।
एसपी मोहित चावला ने बताया कि भुड्ड में गड्ढों की वजह से जाम की स्थिति बन रही थी। जिसके बाद लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों और पुलिस जवानों ने मिलकर गड्ढों को भरा। उन्होंने बाकी खस्ताहाल सडक़ों की दशा को सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग और एनएच ऑथारिटी से चर्चा की है ताकि जल्द से जल्द सडक़ो की दशा में सुधार हो।















