DNN सोलन
डॉ वाईएस परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय का छात्र लोकेश भनोत ने अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में आयोजित विश्व किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप मेंशानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। यह चैंपियनशिप वर्ल्ड किकबॉक्सिंग फेडरेशन द्वारा आयोजित की गई थी। लोकेश, वर्तमान में नौणी विवि के औदयानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, नेरी (हमीरपुर) में बीएससी वानिकी का चौथे वर्ष का छात्र है। लोकेश, नौ सदस्यीय भारतीय टीम का हिस्सा था, जिसने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। 25 देशों के खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया।
लोकेश ने माइनस 90 किलोग्राम वज़न श्रेणी में पुर्तगाल और ऑस्ट्रिया के खिलाफ अपना मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में लोकेश का सामना ब्राजील के खिलाड़ी के साथ हुआ जहां उन्होनें रजत पदक जीता। इसी प्रतियोगिता में लोकेश का चयन 2022 में मिस्र में होने वाली सात महाद्वीपीय प्रो किकबॉक्सिंग फाइट के भी किया गया। लोकेश ने वर्ष 2016 में पटना में आयोजित राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग चैम्पियनशिप में वरिष्ठ श्रेणी (90-100 किग्रा) में कांस्य पदक और 2012-13 में गाजियाबाद में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 65-75 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा, उन्होंने राज्य और जिला स्तर चैम्पियनशिप में कई पदक जीते हैं। सोलन शहर के लोकेश ने 2013 में इटली में भारत का प्रतिनिधित्व किया था,जहां वह इस खेल में ब्लैक बेल्ट भी बने थे।
लोकेश ने केवल एक खिलाड़ी के रूप में उत्कृष्टता हासिल नहीं की है बल्कि पिछले साल विश्व किकबॉक्सिंग फेडरेशन की आधिकारिक परीक्षा उतीर्ण कर इस खेल केअंतरराष्ट्रीय रेफरी भी बन गए हैं। इसके अलावा वह एक मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय रेफरी भी है। निरंतर समर्थन के लिए लोकेश ने अपने माता पिता के अलावा कोच, कॉलेज और विश्वविद्यालय के शिक्षकों और दोस्तों को अपनी सफलता का श्रेय दिया। उन्होनें कहा कि वह अगली प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के लिए और अधिक मेहनत करेगें।विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एचसी शर्मा ने लोकेश को देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए बधाई दी। उन्होनें कहा कि विश्वविद्यालय पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों को भी प्रोत्साहित कर रहा है। विश्वविद्यालय ने हाल ही में एक नया आधुनिक जिम छात्रों के लिए बनाया है। इसके अलावा पिछले महीने ही हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विश्वविद्यालय के खेल परिसर के पवेलियन ब्लॉक की नींव रखी थी। नेरी महाविद्यालय के डीन डॉ पीसी शर्मा और संकाय ने भी लोकेश को इस अवसर पर बधाई दी।















