DNN सोलन
डॉ॰ वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के छात्रों ने रावे कार्यक्रम के तहत दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, आगरा का पाँच दिवसीय शैक्षिक एक्सचेंज कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम में बीएससी औद्यानिकी के अंतिम वर्ष की 38 छात्रों ने भाग लिया। यह शैक्षिक एक्सचेंज नौणी विश्वविद्यालय और दयालबाग शैक्षिक संस्थान के बीच एमओयू का हिस्सा है जिसके तहत दोनों संस्थानों के छात्र एक्स्चेंज कार्यक्रम में भाग लेते हैं और एक दूसरे के संस्थानों में चल रही विभिन्न गतिविधियों के बारे में सीखते हैं। इस कार्यक्रम में छात्रों के अलावा प्रिन्सिपल फार्म मैनेजर नरेश भाटिया व विश्वविद्यालय के अन्य स्टाफ ने भी भाग लिया। कार्यक्रम के पहले दिन छात्रों को दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट के निदेशक और कृषि महाविद्यालय के डीन ने संबोधित किया। सब्जी फसलों में उत्कृष्टता के लिए स्थापित केंद्र को देखने का मौका भी छात्रों को मिला। इसके अलावा संस्थान में चल रही गतिविधियों में भी विश्वविद्यालय के छात्रों ने भाग लिया। छात्रों ने सुबह 5 बजे उठकर गेंहू की फसल की कटाई भी की और आर्ट्स महाविद्यालय, डेयरी, बोटेनिकल गार्डेन का भ्रमण भी किया । समूह ने ताज महल का भ्रमण भी किया।
विश्वविद्यालय के औद्यानिकी महाविद्यालय के डीन डॉ राकेश गुप्ता ने कहा कि इस तरह के एक्स्चेंज कार्यक्रम समग्र विकास के लिए आवश्यक हैं, जिससे दोनों संस्थानों के छात्रों को विभिन्न शैक्षणिक और अनुसंधान वातावरणों के बारे में जानने और दुनिया की बेहतर समझ विकसित करने का मौका मिलता है।















