MANDI शिवरात्रि महोत्सव : सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु आॅडिशन 23 फरवरी से

Himachal News

DNN मण्डी
उपायुक्त एवं अध्यक्ष, अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति श्री ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 5 से 11 मार्च, 2019 तक आयोजित किया जायेगा । शिवरात्रि महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचली कलाकारों को अधिमान दिया जायेगा, परन्तु प्रत्येक वर्ष शिवरात्रि मेले के लिए हजारों आवेदन पत्र प्राप्त होते हैं, चूकिं सीमित संख्या में ही कलाकारों को महोत्सव में कार्यक्रम प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाता है, इसलिए इन हजारों आवेदनों में से शिवरात्रि की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए स्तरीय कलाकारों का चयन करना समिति के लिए अत्यंत कठिन हो जाता है । इसलिए एक उचित एवं निष्पक्ष व पारदर्शी चयन प्रणाली बनाने के लिए इस वर्ष मेला समिति ने निर्णय लिया है कि इस बार राज्य के अन्य जिला के सभी सामान्य कलाकारों का चयन आॅडिशन के माध्यम से ही किया जाएगा ।
उन्होंने कहा कि गायन, नृत्य दोनों विधाओं के लिए एकल व म्यूजिकल समूह दोनों को ही आॅडिशन की प्रक्रिया से गुजरना होगा ।
उन्होंने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 25 फरवरी, 2019 रखी गई है । आवेदन सीधे अतिरिक्त उपायुक्त, मंडी के कार्यालय में या ई-मेल adcmandi@gmail.com  अथवा फैक्स नम्बर 01905-225203 पर भेजे जा सकते हैं । उन्होंने बताया कि मंडी जिला से संबंधित कलाकारों/दलों का आॅडिशन 25 फरवरी से पहली मार्च तक लिया जायेगा जबकि अन्य जिला के कलाकारों व दलों का आॅडिशन 23 से 26 फरवरी, 2019 तक मण्डी शहर में आयोजित किए जायेंगे । उन्होंने बताया कि जो कलाकार व सांस्कृतिक दल सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति हेतु आवेदन करेंगे, वह आवेदन प्रपत्र के साथ अपना पूरा पता, मोबाईल नम्बर व आधार कार्ड अवश्य संलग्न करें।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के स्थापित तथा राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कलाकारों को आॅडिशन में भाग लेने से छूट प्रदान की गयी है । आॅडिशन में भाग लेने वाले कलाकारों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता व मानदेय अथवा रहने का खर्चा मेला समिति द्वारा नहीं दिया जायेगा । 

News Archives

Latest News