LPG गैस सिलेंडरों की काला बाजारी अवैध मुनाफाखोरी पर रोक लगाने की प्रशासन से की मांग

Baddi + Doon Others

Dnewsnetwork

बद्दी । बद्दी में हो रही एलपीजी गैस सिलेंडरों की काला बाजारी को लेकर अधिवक्ता लखविंद्र चौधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम से मिला। प्रतिनिधिमंडल में बद्दी में गैस एजेंसियों व गोदामों की जांच, कालाबाजारी करने वालों पर शिकंजा कसने, जांच दल का गठन करने तथा उचित दरों पर गैस सिलेंडर मुहैया करने की मांग की है।
अधिवक्ता लखविंद्र चौधरी ने एसडीएम को बताया कि वर्तमान समय में प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कृत्रिम कमी उत्पन्न कर कुछ असामाजिक एवं स्वार्थी तत्वों ने खुलेआम कालाबाजारी की जा रही है। आवश्यक वस्तु होने के बावजूद गैस सिलेंडरों को जानबूझकर आम जनता की पहुँच से दूर कर निर्धारित मूल्य से कहीं अधिक दरों पर बेचा जा रहा है, जो कि स्पष्ट रूप से कानून का उल्लंघन है।

उन्होंने बताया कि बद्दी क्षेत्र में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर, निम्न एवं मध्यम वर्गीय परिवार निवास करते हैं, जो पहले से ही आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में गैस सिलेंडर जैसी आवश्यक सुविधा की कालाबाजारी उनके जीवन को और अधिक संकटपूर्ण बना रही है। कई परिवारों को मजबूरीवश अधिक कीमत पर सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है, जबकि कुछ परिवारों को गैस उपलब्ध ही नहीं हो पा रही, जिससे उन्हें असुरक्षित वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। यह स्थिति न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करती है, बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए भी एक गंभीर चुनौती बनती जा रही है। यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आम जनता में रोष एवं असंतोष उत्पन्न होना स्वाभाविक है, जो भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को जन्म दे सकता है।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि बद्दी क्षेत्र में एलपीजी गैस एजेंसियों, गोदामों एवं संदिग्ध विक्रेताओं की सघन जांच करवाई जाए। कालाबाजारी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासनिक स्तर पर विशेष निगरानी दल का गठन कर नियमित निरीक्षण किया जाए, आम जनता के लिए उचित दरों पर गैस सिलेंडरों की सुचारू एवं पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित की जाए व एक प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र को सक्रिय किया जाए, जिससे आम नागरिक बिना किसी भय के अपनी शिकायत दर्ज कर सकें।

उन्होंने बताया कि यह विषय सीधे तौर पर जनहित, जनसुरक्षा एवं सामाजिक संतुलन से जुड़ा हुआ है। अतः आपसे निवेदन है कि इस मामले पर व्यक्तिगत रूप से संज्ञान लेते हुए शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
एसडीएम संजीव धीमान ने प्रतिनिधमंडल को उचित कार्रवाई करने का आशवासन दिया। प्रतिनिधमडंल में हुसन चौधरी, रमेश चौधरी व प्रिंस चौधरी ने भाग लिया।

News Archives

Latest News