DNN कुल्लू
वन, परिवहन, युवा सेवाएं व खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा है कि केंद्र व प्रदेश सरकार आम लोगों विशेषकर गरीबों को समर्पित है और इनके उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं आरंभ की गई हैं। प्रदेश सरकार ने अपने पहले बजट में ही लगभग 30 नई योजनाएं आरंभ करके समाज के हर वर्ग के कल्याण व उत्थान की दिशा में बहुत बड़ी पहल की है। गोविंद सिंह ठाकुर सोमवार को पतलीकूहल में हिमाचल गृहिणी सुरक्षा योजना के तहत रसोई गैस कनैक्शन वितरण समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। समारोह के दौरान अन्य विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को भी चैक वितरित किए गए।
वन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत देश भर में करीब 8 करोड़ गरीब महिलाओं को गैस कनैक्शन दिए जा रहे हैं। इस योजना से छूटी महिलाओं को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार हिमाचल गृहिणी सुरक्षा योजना के माध्यम से गैस कनैक्शन देने का निर्णय लिया है। कुल्लू जिला में भी इस योजना के पहले चरण में 1985 महिलाओं को रसोई गैस मिलेगी।
गोविंद सिंह ने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित व प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री युवा आजीविका योजना चलाई गई है जिसमें बेरोजगार युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए 30 लाख रुपये तक के ऋण 25 से 30 प्रतिशत सब्सिडी पर दिए जा रहे हैं। इस योजना में ग्रामीण पर्यटन, टूर एंड ट्रैवल, रेस्तरां-ढाबा, साहसिक पर्यटन, गो सदन और हिमाचल की परिस्थितियों के अनुसार कई अन्य छोटे-छोटे कार्य भी शामिल किए गए हैं। युवाओं को इस योजना का लाभ उठाना चाहिए। वन मंत्री ने बताया कि मनाली विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सरकारी योजनाओं के अलावा स्वर्गीय ठाकुर कुंजलाल और दमोदरी ठाकुर मेमोरियल ट्रस्ट के माध्यम से भी जरूरतमंद लोगों की भरपूर मदद की जा रही है। ट्रस्ट से अभी तक जरूरतमंद लोगों को लगभग 4 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की जा चुकी है।
इस मौके पर वन मंत्री ने 227 महिलाओं को गैस कनैक्शन के दस्तावेज प्रदान किए। उन्होंने एससी-एसटी वर्ग के 8 लोगों को गृह निर्माण अनुदान योजना की पहली किश्त के रूप में 65-65 हजार रुपये के चैक वितरित किए तथा प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के 6 लाभार्थियों को मकानों की चाबियां सौंपी। गोविंद सिंह ने बेटी है अनमोल योजना के तहत 10 कन्याओं को 10-10 हजार रुपये की एफडी के दस्तावेज और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की एक लाभार्थी को 40 हजार का चैक भी सौंपा।















