DNN कुल्लू
01 मार्च। विकास खंड आनी की कुठेड़ पंचायत के रांइरेड गांव निवासी जिया लाल की प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता की जाएगी। एसडीएम आनी चेत सिंह का कहना है कि जिया लाल को घर बनाने के लिए प्रशासन की ओर से पहले भी प्रयास किए गए हैं। कल्याण विभाग की ओर से वर्ष 2016 में गृह निर्माण अनुदान के तहत भवन निर्माण के लिए 75 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी। इसके तहत 37500 रुपए की पहली किश्त जियालाल को जारी हुई। इस किश्त से लाभार्थी को टायलेट बाथरूम और छत तक का कार्य करना था लेकिन उसके द्वारा यह कार्य पूरा नहीं किया गया जिसके कारण लाभार्थी को दूसरी किश्त जारी नहीं हो पाई है।
उपायुक्त कुल्लू डाॅ. ऋचा वर्मा ने इस पूरे मामले की गहन छान-बीन के लिए आनी के एसडीएम को आदेश जारी किए। उनके आदेश पर इस पूरे मामले पर संबंधित अधिकारियों से फीडबैक लिया गया है और आने वाले दिनों में लाभार्थी के परिवार को सरकारी योजना का लाभ दिलाने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा।
एसडीएम का कहना है कि जियालाल के परिवार को बीपीएल में शामिल करने के लिए भी संबंधित पंचायत और अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। परिवार द्वारा शर्तें पूरी करने पर उनको बीपीएल में शामिल किया जाएगा। उनका कहना है कि जियालाल के पिता 10 साल पहले तक आईआरडीपी में शामिल थे। उन्हें योजना के तहत भवन निर्माण के लिए सरकार की ओर से सहायता राशि प्रदान की गई है। इसके पश्चात जियालाल और उसके भाई बिट्टू राम को वर्ष 2016 में गृह निर्माण अनुदान योजना स्वीकृत हुई। जियालाल के भाई ने तो मकान बना लिया लेकिन जियालाल ने भवन निर्माण नहीं किया। एसडीएम चेत सिंह का कहना है कि जियालाल के परिवार को सहायता प्रदान करने के लिए प्रशासन सदैव तत्पर रहा है।
बीडीओ आनी ने किया जियालाल के घर का मुआयना
बी.डी.ओ आनी जीसी पाठक ने जियालाल के घर का दौरा किया है। दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि पंचायत की ओर से लाभार्थी से बार बार सहयोग की अपील की गई है लेकिन लाभार्थी ने सहयोग नहीं किया। जियालाल से एक बार फिर पंचायत और प्रशासन के साथ सहयोग की अपील की गई है। उनका कहना है कि आगामी समय में बी़डीओ कार्यालय से जियालाल की सहायता के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। संबंधित पंचायत को जियालाल के परिवार को बीपीएल में शामिल करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। आगामी ग्राम सभी में इस पर कार्रवाई होगी।















