KULLU के 18 सैंपलों की रिपोर्ट भी नेगेटिव,कुल्लू जिला प्रशासन की अनूठी पहल, पांव से खुलेंगे नलके

Kullu Others

DNN कुल्लू  ( रेणुका गोस्वामी)

कुल्लू जिला में कोरोना का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद जिला में एहतियात के तौर पर नियमित रूप से रैंडम सैंपलिंग हो रही है। जिला के विभिन्न क्षेत्रों से सैंपल लिए जा रहे हैं तथा जांच के लिए नेर चैक के मेडिकल कालेज भेजे जा रहे हैं। जिलाधीश डाॅ. ऋचा वर्मा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को जिला के 18 सैंपलों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है और इन सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि जिला से अभी तक कुल मिलाकर 581 सैंपल भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 553 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। शेष 28 सैंपलों की रिपोर्ट आनी शेष है।

कुल्लू जिला प्रशासन की अनूठी पहल, पांव से खुलेंगे नलके
जिला प्रशासन ने कोविड-19 संकट को ध्यान में रखते हुए कुल्लू शहर में लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर लगे पेयजल नलकों को पूरी तरह से सुरक्षित कर दिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए उपायुक्त डाॅ. ऋचा वर्मा ने बताया कि हाथ से नहीं, बल्कि पांव से खुलेंगे नल। लोग शहर के सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए नलों में अब बिना किसी भय के पानी पी सकते हैं। नलों में हाथ लगने के कारण कोरोना संक्रमण से ये नल पूरी तरह से सुरक्षित हैं। पैर से खुलने वाले नलकों की शुरूआत क्षेत्रीय अस्पताल के समीप सर्कुलर रोड़ पर स्थापित सार्वजनिक नलकों से की गई है।
डाॅ. ऋचा वर्मा ने कहा कि पैर से खुलने वाले इसी प्रकार के नलके शहर के अन्य स्थानों पर भी स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से इन नलकों में कपड़े न धोने और पानी का दुरूपयोग न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला को कोरोना मुक्त बनाकर इसे ग्रीन जोन में बनाए रखने के लिए एक-एक व्यक्ति के ईमानदार प्रयासों व सहयोग की आवश्यकता है।

अखाड़ा बाजार में 20 तक बंद रहेगी वाहनों की आवाजाही

नालियों के निर्माण कार्य के चलते कुल्लू शहर के अखाड़ा बाजार में 20 मई तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश डाॅ. ऋचा वर्मा ने कहा कि इस दौरान मनाली और भेखली से कुल्लू की ओर आने वाले सभी वाहन गेमन पुल, लेफ्ट बैंक से होते हुए नई बेली पुल से शहर में प्रवेश करेंगे। इसी प्रकार कुल्लू से मनाली और भेखली की ओर जाने वाले वाहनों को भी बेली पुल से लेफ्ट बैंक होकर जाना पड़ेगा।
जिलाधीश ने इस दौरान सभी वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है, ताकि अखाड़ा बाजार में नालियों का निर्माण कार्य अतिशीघ्र पूरा किया जा सके।

News Archives

Latest News