DNN सोलन
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने युवाओं से आग्रह किया कि वे खेलकूद को जीवन का अभिन्न अंग बनाए ताकि वे सदैव मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकें। डॉ. सैजल सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोटबेजा में बाल दिवस के अवसर पर महिला व पुरूषों की दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस प्रतियोगिता का आयोजन युवा क्लब कोटबेजा द्वारा किया गया।
इस दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता में हरियाणा, नालागढ़, दभोटा, कर्णपूरा, गुल्हाड़ी, बधोनघाट, गोयला, मंधाला, नानकपुर सहित आसपास के क्षेत्रों की 20 टीमों ने भाग लिया। महिला वर्ग के फाइनल मैच में पशगांव की टीम विजेता तथा पशगांव बी टीम उपविजेता रही। पुरूष वर्ग में पानीपत की टीम विजेता तथा चंडीगढ़ की टीम उपविजेता रही।
उन्होंने कहा कि स्थानीय विद्यालय में नए भवन के निर्माण के लिए 95.62 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि शीघ्र स्वीकृत करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विज्ञान खण्ड के निर्माण के प्राकक्लन के संबंध में वे शिक्षा मंत्री से अनुग्रह करेंगे। उन्होंने गुनाई से बाल्दिया मंदिर तक एंबुलेंस मार्ग के निर्माण के लिए 3 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने टोहाणा गांव में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा भी की। उन्होंने टोहाणा गांव तक पक्के रास्ते के निर्माण के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। कोटबेजा से ओशी गांव तक एंबुलेंस मार्ग के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये स्वीकृत किए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न मांगों को शीघ्र पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर नेहरू युवा क्लब कोटबेजा के प्रधान ने क्षेत्र की विभिन्न मांगों से संबंधित मांग पत्र भी प्रस्तुत किया।















