INDIA-SOUTH AFRICA क्रिकेट मैच को लेकर DHARAMSHALA में तैयारियां शुरू, सुरक्षा तथा यातायात के लिए प्लान तैयार

Kangra Sports

DNN धर्मशाला

धर्मशाला में 12 मार्च को प्रस्तावित भारत-दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट मैच को लेकर तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं इस बाबत शुक्रवार को डीआरडीए के सभागार में उपायुक्त राकेश प्रजापति की अध्यक्षता में जिला प्रशासन तथा एचपीसीए प्रबंधन के बीच एक आवश्यक बैठक भी आयोजित की गई।
उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि क्रिकेट मैच के दौरान सुरक्षा तथा यातायात को सुचारू बनाने के लिए प्लान तैयार कर लिया गया है इसके साथ पार्किंग इत्यादि भी उचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि आईपीएच तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी पेयजल तथा विद्युत की बेहतर व्यवस्था करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि डे-नाइट मैच होने के कारण स्टेडियम तथा इसके आसपास स्ट्रीट लाइट इत्यादि की बेहतर व्यवस्था की जाएगी ताकि लोगों को आने जाने में किसी भी तरह की दिक्कतें नहीं हो। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग को भी सड़कों के उचित रखरखाव के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि धर्मशाला तथा स्टेडियम के आसपास स्वच्छता पर भी विशेष बल दिया जाएगा।
उपायुक्त राकेश प्रजापति ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार भारत तथा दक्षिण अफ्रीका की टीमें दस मार्च को गगल एयरपोर्ट पर पहुंचेगी इसके पश्चात एचपीसीए के होटल में रात्रि विश्राम होगा। उन्होंने बताया कि 11 मार्च को दोनों की टीमें क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास करेंगी जबकि 12 मार्च को क्रिकेट मैच आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विमुक्त रंजन ने कहा कि मैच के दौरान सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था का प्लान तैयार किया गया है, खिलाड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था बारे भी प्लान तैयार किया गया है।    इससे पहले एचपीसीए के सचिव सुमित ने क्रिकेट मैच की तैयारियों को लेकर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।  इस अवसर पर एसडीएम डा हरीश गज्जू, एसीटूडीसी डा मदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

News Archives

Latest News