HRTC के कर्मचारियों के वेतन एवं पेंशन का वितरण जोगिंद्रा बैंक के माध्यम से किया जाए

Others Solan

Dnewsnetwork

हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के वाइस चेयरमैन अजय वर्मा सोलन प्रवास के दौरान जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के बाईपास स्थित हेड ऑफिस बैंक के चेयरमैन एडवोकेट मुकेश शर्मा के आग्रह पर पहुंचे। इस अवसर पर चेयरमैन मुकेश शर्मा ने वाइस चेयरमैन अजय वर्मा का स्वागत करते हुए उन्हें ज्ञापन सौंपा, जिसमें प्रस्ताव रखा गया कि हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों के वेतन एवं पेंशन का वितरण जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के माध्यम से किया जाए। उन्होंने बताया कि बैंक की विस्तृत शाखा नेटवर्क, सुदृढ़ वित्तीय आधार और आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं कर्मचारियों एवं पेंशन भोगियों को सुगम, सुरक्षित और त्वरित सेवाएं प्रदान करने में सक्षम हैं।

चेयरमैन ने बैंक की वर्तमान वित्तीय स्थिति, प्रगति और उपलब्धियों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि बैंक निरंतर लाभ अर्जित कर रहा है तथा अपनी परिसंपत्ति गुणवत्ता, पूंजी पर्याप्तता और ग्राहक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार कर रहा है। बैंक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश की आर्थिक प्रगति में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। वाइस चेयरमैन अजय वर्मा ने बैंक की कार्यप्रणाली और वित्तीय प्रदर्शन की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि प्रस्तुत ज्ञापन पर निगम स्तर पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों को समयबद्ध एवं पारदर्शी भुगतान सुनिश्चित करना निगम की प्राथमिकता है। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष विरमानी, पूर्व जिला अध्यक्ष शिव कुमार ठाकुर, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष संजीव ठाकुर, पूर्व शहरी अध्यक्ष अंकुश सूद, रोगी कल्याण समिति सदस्य विनेश धीर , बैंक के प्रबंध निदेशक पंकज सूद, हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के रीजनल मैनेजर सुरेंद्र राजपूत सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी गणमान्य अतिथियों ने बैंक और निगम के मध्य सहयोगात्मक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि प्रदेश के कर्मचारियों और आम नागरिकों को बेहतर वित्तीय एवं परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

News Archives

Latest News