DNN शिमला
हिमाचल प्रदेश में फिर मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पांच से नौ अप्रैल तक प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वीरवार को प्रदेश में सूर्यदेव ने लोगों के खूब पसीने छुड़ाए। प्रदेश की राजधानी शिमला में भी दोपहर के समय लोग धूप से बचते नजर आए। सबसे ज्यादा गर्म ऊना रहा, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं सबसे ज्यादा ठंड केलंग में हुई। वहां पर न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि 9 अप्रैल तक पश्चिमी हवाओं के सक्रिय रहने की संभावना है। इसके वजह से पांच अप्रैल से प्रदेश में कई जगह पर बारिश हो सकती है। इसके अलावा ऊपरी हिमाचल में बर्फबारी के आसार हैं। ऐसे में निचले हिमाचल के लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलेगी।















