DNN शिलाई
सिरमौर जिला के उपमंडल के कफोटा में बड़ा बस हादसा होने से टल गया। यहां पर बोराड़ के पास एक निजी बस अचानक ही सड़क किनारे हवा में लटक गई। गनीमत यह रही कि बस खाई में गिरने से बाल-बाल बची। हवा में लटकने के बाद जरा सी भी लापरवाही 30 सवारियों की जान पर भारी पड़ सकती थी, लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक पांवटा साहिब से शिलाई की तरफ जा रही निजी बस कफोटा से करीब 10 किलोमीटर दूर बोराड़ नामक स्थान पर सड़क किनारे हवा में लटक गई। बताया जा रहा है कि स्टेरिंग की रॉड टूटने से बस सड़क से खाई की तरफ उतर गई। बस में सवार लोगों का कहना है कि चालक ने सूझबूझ और दिलैरी दिखाते हुए कस कर ब्रेक लगा दी और जब तक आखिरी सवारी बस से नहीं उतरी, तब तक अपनी जान जोखिम में डालकर चालक ब्रेक पर खड़ा रहा। जब सभी सवारियां उतर गई तो बस के टायर के नीचे ओट लगाकर सवारियों ने चालक को भी बाहर निकाल लिया।















