HIMACHAL की निवेश मित्र छवि बनाने के लिए सरकार उठाएंगी ये कदम, CM ने किया खुलासा

Politics Shimla
DNN शिमला 
हिमाचल प्रदेश में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार अगले वर्ष फरवरी माह में धर्मशाला में एक मेगा निवेशक सम्मेलन आयोजित करने पर विचार कर रही है। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेगा निवेशक सम्मेलन अन्तर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय परिदृश्य में निवेशकों को हिमाचल प्रदेश की ओर आकर्षित करने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में निवेश के कई लाभ हैं, जैसे कि निवेश मित्र पर्यावरण, व्यापार में आसानी, पर्याप्त बिजली व प्रशिक्षित मानव संसाधन। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से कृषि खाद्य प्रसंस्करण, विनिर्माण, ऊर्जा, पर्यटन व संबंधित अधोसंरचना के क्षेत्र में निवेश के लिए हिमाचल प्रदेश को आदर्श राज्य के तौर पर प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र, विनिर्माण क्षेत्र, ऊर्जा, पर्यटन व संबंधित अधोसंरचना, सूचना प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी व संबंधित क्षेत्रों पर ध्यान केन्द्रित करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उद्योग, ऊर्जा व पर्यटन जैसे विभागों के लिए निर्धारित किए लक्ष्य तय समय सीमा के भीतर पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उद्योग शुरू करने के लिए स्वीकृतियां प्रदान करने की प्रक्रिया सरल बनाई जाएगी।
जय राम ठाकुर ने कहा कि जन समस्याओं का निपटारा उनके घर द्धार पर ही करने के लिए राज्य सरकार ने जन मंच कार्यक्रम शुरू किया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम लोगों की समस्याओं को दूर करने में सफल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि जन मंच कार्यक्रमों में लोग अपनी समस्याओं के निपटारे के लिए भारी संख्या में पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन मंच पहले के कार्यक्रमों की तुलना में काफी अलग है, क्योंकि अब यह कार्यक्रम परिणाम केन्द्रित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जन मंच में प्राप्त हो रही शिकायतों को समयबद्ध तरीके से निपटाने के प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जन मंच के दौरान लोगों द्वारा उठाई गई शिकायतों के तुरन्त निपटारे के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।

News Archives

Latest News