Himachal News कालेज छात्रा की बेरहमी से हत्या

Crime Mandi Others Politics

Dnewsnetwork

मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर क्षेत्र में एक 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को कुछ ही घंटों में दबोच लिया है।

पुलिस के अनुसार अभी तक की जांच में पता चला है कि 19 वर्षीय छात्रा सिया रोज की तरह सुबह अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी। नैण गांव के पास बाइक पर सवार दो हमलावरों ने उसे रास्ते में रोक लिया। हमलावरों ने छात्रा पर तेजधार हथियार से हमला किया और उसका गला रेत दिया। हमला इतना घातक था कि छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपियों का ग्रामीणों ने पीछा किया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के सक्रिय सहयोग से घेराबंदी की और वारदात वाली जगह से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। मृतक छात्रा नैण गांव की ही रहने वाली थी और कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकाघाट में जो घटना हुई है, उसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। घर से कुछ दूरी पर ही कॉलेज जा रही एक बिटिया की निर्मम हत्या प्रदेश में कानून व्यवस्था के पूरी तरह से ध्वस्त हो जाने का उदाहरण है। प्रदेश में अपराधी बेकाबू हैं। इस घटना ने न केवल पूरे प्रदेश को शर्मसार किया है, बल्कि हर उस परिवार को डरा दिया है जिनकी बेटियां शिक्षा के लिए घर से बाहर निकलती हैं। जिस प्रदेश को हम सुरक्षित मानते थे, वहां अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए? इस घटना में शामिल लोगों के इस जघन्य अपराध की ऐसी सज़ा मिलनी चाहिए जो भविष्य में उदाहरण बने, ताकि फिर कोई ऐसा दुस्साहस न कर सके। उन्होंने परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए बिटिया की आत्मा की शांति और परिजनों को इस असह्य दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

जयराम ठाकुर ने अपने सारे कार्यक्रम निरस्त कर बिटिया के परिजनों से मिलने नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचे। परिजनों से मिलकर उन्होंने उन्हें ढांढस बंधाया और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मृतका के पिता और उनके साथ आए लोगों ने उन्हें घटनाक्रम से अवगत करवाया। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज कहने के लिए शब्द नहीं हैं। संवेदनाएं जाहिर करने की भी हिम्मत नहीं है। बिटिया के पिता जी से नज़रें मिलाने का भी साहस नहीं हो रहा था। घर से हँसते-खेलते सुबह कॉलेज के लिए निकली बेटी के साथ यदि ऐसा कुछ हो जाए, तो उस पिता और परिजनों पर क्या बीतेगी, यह शब्दों में बयान नहीं हो सकता। हम परिवार के साथ हैं और बिटिया के न्याय के लिए जी-जान से लड़ेंगे। जितने भी लोग इसमें शामिल होंगे, सबको कानून का सामना करना पड़ेगा।

News Archives