GOOD SIRMOUR पुलिस ने 24 घंटे में दबोचा पत्नी का हत्यारा

Crime Sirmaur

DNN नाहन

उपमंडल राजगढ़ में पत्नी को दरात के साथ बेरहमी से मौत के घाट उतारने वाले आरोपी पति को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। गश्त पर तैनात होमगार्ड जवानों ने हत्यारे की पहचान कर पुलिस के हवाले किया। होमगार्ड जवानों के प्रयास से आरोपी को सोलन जिला के साथ सटे राजगढ़ के गिरीपुल से देर रात ही गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को देर रात यह सफलता हाथ लगी। बता दें कि नेपाली मूल के 26 वर्षीय विशाल थापा अपनी पत्नी की हत्या और अढाई साल की मासूम बच्ची को गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गया था। आरोपी ने अढाई साल की बच्ची को भी मौत के घाट उतारने का प्रयास किया था। आरोपी ने राजगढ़-खैरी-नाहन सड़क पर स्थित ठोड़ निवाड़ गांव में बुधवार की रात हत्या जैसी सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी ट्रक में बैठकर फरार होने की फिराक में था, लेकिन होमगार्ड जवानों की तत्परता से वह भागने में नाकाम रहा।

बता दें कि आरोपी ने पत्नी यमुना को दराट से मौत के घाट उतार दिया था और अढाई साल की मासूम को भी मौत के घाट उतारने की कोशिश की। हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी विशाल की धरपकड़ के लिए पुलिस ने नाकाबंदी कर सर्च आपरेशन चलाया। सीमाआंे पर पुलिस का पहरा बिठाया। हर आने जाने वाले राहगीर और वाहन की जांच की। रात को गश्त के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि बीती रात करीब सवा एक बजे हत्यारोपी को नाकेबंदी के दौरान गिरिपुल के समीप से पकड़ लिया गया। आरोपी इस दौरान एक ट्रक में सफर कर रहा था। आरोपी का मेडिकल करवाने के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसके बाद आरोपी से कड़ी पूछताछ की जाएगी। साथ ही आरोपी को मौका-ए-वारदात पर भी ले जाया जाएगा। आरोपी ने हत्या को क्यों अंजाम दिया, इस बात का पूछताछ के बाद ही खुलासा हो पाएगा।

News Archives

Latest News