DNN सोलन
उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में समाचार संप्रेषण एवं फीडबैक के कार्य को निष्पक्षता के साथ करना पहले से कहीं अधिक आवश्यक हो गया है। विनोद कुमार आज यहां राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर उपस्थित पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस वर्ष भारतीय प्रेस परिषद के सुझाव पर ‘डिजिटल युग में पत्रकारिता आचार नीति और चुनौतियां विषय पर पूरे देश के साथ-साथ सोलन जिला के पत्रकारों द्वारा भी सारगर्भित विचार-विमर्श किया गया। विनोद कुमार ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने कहा कि मीडिया जहां समाचारों के माध्यम से विभिन्न समसामायिक विषयों पर लोगों को जागरूक करता है वहीं सरकार की कल्याणकारी नीतियों एवं कार्यक्रमों के संबंध में महत्वपूर्ण फीडबैक भी उपलब्ध करवाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रिंट तथा इलैक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ-साथ सोशल मीडिया भी क्रियाशील हैं। मीडिया के विभिन्न आयाम डिजिटीकरण का पूरा लाभ उठा रहे हैं। फेसबुक, व्ह्टसऐप, ट्वीटर, तथा यू-टयूब चैनलों ने समाचार संप्रेेषण के कार्यों को अत्यधिक तीव्र बना दिया है। उपायुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया के विभिन्न आयाम जहां किसी भी घटना की जानकारी को पलक झपकते ही दुनिया के सामने रख रहे हैं वहीं इंटरनेट की पहुंच ने घटनाओं के लाइव प्रसारण को भी अत्यंत सुगम बना दिया है।















