DNN सोलन
उपायुक्त विनोद कुमार ने सभी उपमण्डलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में विभिन्न उचित मूल्य की दुकानों का औचक निरीक्षण सुनिश्चित बनाएं। विनोद कुमार जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि उचित मूल्य की दुकानों का समय-समय पर औचक निरीक्षण करने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। प्रदेश सरकार द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से लोगों को आवश्यक खाद्य वस्तुएं एवं तेल वितरित किए जा रहे हैं। इस प्रणाली के सही कार्यान्वयन से ही लोगों को लाभान्वित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को उपमण्डलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा कि यदि विभिन्न आवश्यक खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति नियमित नहीं है अथवा खाद्यानों की गुणवत्ता खराब है तो इस संबंध में तुरंत उपायुक्त कार्यालय में सूचना दी जाए। उन्होंने गोदामों खाद्यानों के उचित भंडारण की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय-समय पर जिले में घरेलू रसोई गैस के सिलेंडरों का निरीक्षण भी किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र व्यक्तियों को शीघ्र राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत लाया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी पात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड आधार से शीघ्र लिंक किए जाएं। अभी तक लगभग 91 प्रतिशत राशन कार्ड आधार से लिंक किए जा चुके हैं।

















