DNN धर्मशाला
मुख्य सचिव बीके अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता के लिए सभी शहरी निकायों में गठित वार्ड कमेटियो की नियमित तौर बैठकें आयोजित की जाएं इसके साथ ही इन कमेटियों के माध्यम से ठोस तरल कूड़ा पृथक्करण के बारे में जागरूक किया जाए।
इस बाबत शनिवार को धर्मशाला के डीआरडीए के सभागार में ठोस कूड़ा कचरा प्रबंधन को लेकर शहरी निकायों तथा ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के साथ एक आवश्यक बैठक भी आयोजित की गई। इसमें शहरी निकायों में ठोस कूड़ा कचरा प्रबंधन को लेकर उठाए गए कदमों की समीक्षा भी की गई।
मुख्य सचिव ने कहा कि शहरी निकायों के लिए ठोस कूड़ा प्रबंधन तथा स्वच्छता के लिए निर्धारित मापदंडों को पूरा करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए डोर टू डोर स्तर पर ही तरल तथा ठोस कूड़ा कचरा अलग अलग से एकत्रित करना जरूरी है ताकि संयंत्र में तरल तथा ठोस कूड़ा कचरा का सही तरीके से उपयोग हो सके। उन्होंने कहा कि स्कूलों में छात्रों को स्वच्छता प्रहरी भी बनाया जाए जो अपने अपने घरों में स्वच्छता को लेकर अभिभावकों सहित आस पास के लोगों को जागरूक कर सकें।
मुख्य सचिव ने कहा कि सभी शहरी निकायों को आधुनिक तकनीक के ठोस कूड़ा कचरा निष्पादन संयंत्र स्थापित करने के लिए कदम उठाने चाहिए ताकि किसी भी स्तर पर गंदगी नहीं रह सके। उन्होंने कहा कि निजी शैक्षणिक संस्थानों तथा शापिंग मॉल, होटल प्रबंधन संस्थानों को भी अपने अपने स्तर पर ठोस कूड़ा कचरा प्रबंधन के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि खड्डों तथा नदियों में भी किसी तरह से पानी के बहाव के साथ कूड़ा कचरा नहीं पहुंचे इस के लिए भी आवश्यक प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी शहरी निकायों में शतप्रतिशत सीवरेज कनेक्शन के लिए भी उचित कदम उठाए जाएं।















