DNN सराहां (सुरेश कुमार)
कांग्रेस मीडिया सेल प्रभारी एवं युकां प्रदेश सचिव अभिषेक राणा ने दावा किया है कि अपनी 35 सालों की उपलब्धियों के दम पर पच्छाद उप चुनाव को जीतेगी। यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा मुद्दा विहीन पार्टी रह गई है। प्रदेश सरकार को दो साल होने को हैं लेकिन भाजपा नेता पच्छाद में एक भी बड़ा कार्य नहीं करवा पाए हैं। अभी तक भाजपा केवल कांग्रेस सरकार के कार्यों का श्रेय लेने में लगी हुई है।
यहां एनएसयूआई के एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सराहां पहुंचे राणा ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं जिनसे देश को बड़ी उम्मीदें हैं। भाजपा को घेरते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहकर नशाखोरी, खनन माफिया, भ्र्ष्टाचार व महिलाओं पर अत्याचार की घटनाओं को लेकर सड़कों पर उतरने वाली पार्टी लगता है सत्ता में आकर सब कुछ भूल गई है। सरकार बनने के 6 माह में एनडीपीएड के 788 से अधिक जबकि सौ से अधिक क्रिमिनल मामले सामने आ चुके हैं। राज्य के लोगों को दरकिनार कर बाहरी लोगों को रोजगार दिया जा रहा है। सरकार 118 के साथ भी छेड़छाड़ कर रही है जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पच्छाद भाजपा के बहुत से लोग हमारे संपर्क में हैं और समय आने पर इसका खुलासा किया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस नेता गंगूराम मुसाफिर ने कहा कि पच्छाद में बारिश से भारी नुकसान हुआ है। सड़कें बन्द पड़ी हैं, पानी की स्कीमें ठप्प पड़ी हैं किसानों की फसलें नष्ट हो चुकी हैं बावजूद इसके सरकार शांत बैठी है।















