CM ने दिया पौधरोपण को जन आन्दोलन बनाने पर बल

Mandi Politics

DNN मण्डी

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मण्डी जिला के पनारसा में आयोजित 70वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश में पौधरोपण को एक जन आन्दोलन बनाया जाना चाहिए तथा इसमें बड़े पैमाने पर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित बनाने के प्रयास होने चाहिए, ताकि वांछित परिणाम प्राप्त किए जा सकें। जय राम ठाकुर ने कहा कि इस वर्ष 25 लाख पौधे रोपे जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें औषधीय पौधे, चौड़ी पत्तियां वाले पौधे तथा फलदार पौधे भी रोपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य पांच दिन तक चलने वाले वन महोत्सव अभियान के दौरान प्राप्त करने के प्रयास किए जाएंगे और यह कार्य केवल लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव हो सकता है। उन्होंने कहा कि इससे जहां वन सम्पदा बढ़ेगी, वहीं ग्रामीणों को अपने पशुधन के लिए पर्याप्त चारा भी उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि जंगलों में फल पौधे उगने से जंगली जानवरों को भी भोजन उपलब्ध होगा ताकि जंगली जानवरों के प्रकोप से ग्रामीण भी बचे रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापक पौधरोपण, प्रदेश के पर्यावरण में सन्तुलन बनाए रखने की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है तथा कहा कि हम सबको मिलकर ऐसी प्रथाएं आरम्भ करनी चाहिए, जैसे कि फसलों को न जलाया जाना और मवेशियों से चरागाहों को पूरी तरह नष्ट न किया जाना। उन्होंने कहा कि संयम बरतते हुए सभी संसाधनों का उपयोग किया जाना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियां का भविष्य भी सुरक्षित रह सके।

News Archives

Latest News