Breaking : पच्छाद की राजनीति मे नया मौड कभी भाजपा की तेज तरार नेत्री रही दयाल प्यारी कांग्रेस मे शामिल

Politics Sirmaur

DNN राजगढ

1 अप्रैल। जिला सिरमौर में भाजपा की तेजतर्रार नेत्री रही तथा तीन बार जिला परिषद सदस्य तथा एक बार जिला परिषद चेयरमैन जिला सिरमौर रही दयाल प्यारी कश्यप ने आज दिल्ली कांग्रेस भवन में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला तथा पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। 2019 में दयाल प्यारी ने निर्दलीय के तौर पर चुनाव भी लड़ा था। जिसमें उन्होंने 11,651 मत प्राप्त किए थे। दयाल प्यारी वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की उम्मीदवार हो सकती हैं। तेजतर्रार नेत्री व दलित चेहरा दयाल प्यारी ने वीरवार को कांग्रेस के दिल्ली मुख्यालय में कांगे्रस का हाथ थाम लिया है। सिरमौर के पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाली दयाल प्यारी के कांग्रेस में आने से कई राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।
2019 के उप चुनाव में बीजेपी से बगावत करने के बाद दयाल प्यारी ने विधानसभा चुनाव लड़ा था। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने सांसद बनने के बाद विधायक के पद से इस्तीफा दिया था। कांग्रेस के शीर्ष नेता गंगूराम मुसाफिर को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। विधानसभा के उप चुनाव में हालांकि दयाल प्यारी तीसरे स्थान पर रही थी, लेकिन 21.56 प्रतिशत वोट हासिल कर अपनी ताकत का अहसास करवा दिया था।
कांग्रेस ने भी अब दयाल प्यारी को अपने पाले में लाकर दलित कार्ड खेला है। उप चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी भाजपा की रीना कश्यप को 22,048 वोट हासिल हुए थे, जबकि कांग्रेस के गंगूराम मुसाफिर ने 19,306 मत प्राप्त किए थे। वहीं दयाल प्यारी ने अकेले ही अपने दम पर उस समय 11,651 वोट हासिल किए थे, जब पूरी भाजपा सरकार ने उप चुनाव में जोर लगा रखा था। पच्छाद सीट पर भाजपा ने जीत की हैट्रिक लगा दी थी। इस कारण कांग्रेस का काफी मनोबल गिरा हुआ था।
अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने वाली दयाल प्यारी ने उस समय भी इस बात का ऐलान कर दिया था कि वो 2022 का विधानसभा चुनाव लडेगी। तीन बार जिला परिषद का चुनाव जीत चुकी दयाल प्यारी एक बार जिला परिषद की चेयरपर्सन भी रही है। खास बात यह भी थी कि वो तीन अलग-अलग वार्डों से जिला परिषद का चुनाव जीती थी।
हाल ही के पंचायतीराज चुनाव में बागपशोग की जिला परिषद सीट पर बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा। यहां से जीती निर्दलीय उम्मीदवार ने लाख कोशिशों के बाद भी बीजेपी को समर्थन नहीं दिया।
फोन पर बातचीत में जिला परिषद की पूर्व अध्यक्षा दयाल प्यारी ने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी को ज्वाइन किया है। उन्होंने कहा कि वो कांग्रेस की सदस्यता को लेकर विस्तार से बाद में चर्चा करेंगी। अलबत्ता ये जरूर कहा कि उनके ससुर 1977 से जनसंघ से जुड़े हुए हैं। अब भाजपा से अलग हुई हू तो जख्म गहरे ही होंगे।

News Archives

Latest News