DNN सोलन
सोलन (solan) जिला के अर्की में होने वाले उप चुनाव को लेकर सियासत धीरे-धीरे गर्म हो रही है। 28 तारीख को सोलन के अर्की में कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समृति में वन महोत्सव आयोजित करने का ऐलान किया है। इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप राठौर भाग लेंगे। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद राठौर कुनिहार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके उनसे उपचुनाव को लेकर फीडबैक भी लेंग। इससे साफ है कि 28 तारीख को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के बाद सोलन अर्की में चुनावी राजनीति तेज होने की संभावना है। वहीं कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष कुलदीप राठौर के निर्देशानुसार 25 जुलाई से 31 जुलाई तक पूरे प्रदेश में स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की स्मृति में जिला स्तरीय वनमहोत्सव मनाया जा रहा है। जिला सोलन कांग्रेस कमेटी द्वारा 28 जुलाई को वीरभद्र सिंह वनमहोत्सव का आयोजन बारे निर्वाचन क्षेत्र अर्की में तय किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की अध्यक्षता में वीरभद्र सिंह वन महोत्सव सुबह 11 बजे बाड़ीधार (अर्की) में प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में कांग्रेस के विभिन्न नेता हिस्सा लेंगे और इस कार्यक्रम के बाद कुलदीप राठौर कुनिहार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक भी करेंगे।















