अर्की (Arki), शहनाज
प्रदेश सरकार द्वारा दूसरे राज्यों को जाने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें चला दी गई हैं । वहीं दूसरी ओर अर्की मुख्यालय से चंडीगढ़ के लिए सुबह के समय चलने वाली बस सेवा के न चलने के कारण लोगों में रोष है । स्थानीय लोगों के अनुसार इस बस के चलने से जहां कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं सहित व्यापारियों व अन्य लोगों को लाभ मिलता था । लेकिन बस न चलने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । लोगों का कहना है कि इस बस की समय सारणी बहुत अच्छी थी जिससे सभी लोग अपने गंतव्य पर समय पर पहुंच जाते थे तथा शाम के समय भी अपना काम समाप्त करके इस बस में वापस आ जाते थे । बता दें कि सुबह के समय अर्की से चंडीगढ़ व पीजीआई जाने वालों को यह बस बहुत महत्वपूर्ण थी तथा इस बस से सरकार को आमदनी भी अच्छी खासी हो रही थी । परंतु बस के न चलने के कारण लोग को परेशान हो रही हैं । गौर हो कि उपमंडल मुख्यालय के अलावा इस बस का लाभ अन्य स्थानों के बहुत से लोगों को भी मिलता था तथा आजकल विभिन्न प्रकार की परीक्षाएं चल रही हैं।

परंतु इस बस का अभी तक न चलना लोगों के लिए दिक्कतों का कारण भी बन रहा है तथा उन्हें अधिक पैसे खर्च करके अपने गंतव्य के लिए जाना पड़ रहा है । स्थानीय लोगों ने परिवहन मंत्री हिमाचल प्रदेश से इस बस को जल्द से जल्द चलाने की मांग की है ।
इस बारे में प्रधान व्यापार मंडल अर्की अनुज गुप्ता के अलावा, विनोद, हरीश गुप्ता, शेखर,दीपक शर्मा, पदम कौशल, कुलदीप गुप्ता, राजीव, अशोक, विकास, रजत का कहना है कि सुबह के समय यह बस अर्की से चंडीगढ़ जाने के लिए एकमात्र बस थी जिसे कोरोना महामारी के चलते सरकार द्वारा बंद कर दिया गया था । परंतु अब जब सरकार द्वारा बाहरी राज्यों के लिए कुछ रूट खोल दिए गए हैं तो अर्की से चंडीगढ़ जाने वाली इस एकमात्र बस सेवा को चलाया जाना चाहिए ताकि लोगों को परेशान का सामना न करना पड़े।















