आम लोगों को हो रहा है जनमंच का सीधा लाभ: गोविंद सिंह

Kullu Politics
DNN कुल्लू (चमन)
    आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान उनके घरद्वार पर ही करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ किए गए जनमंच कार्यक्रमों की सातवीं कड़ी में रविवार को आनी विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्कूल शवाड़ में जनमंच आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता वन, परिवहन, युवा सेवाएं व खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने की। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की 12 पंचायतों करशैईगाड़, फनौटी, लगौटी, टकरासी, बिशलाधार, कराड़, पोखरी, मुंदल, रोपा, कुंगश, मुहान और कराणा के लोगों की कुल 133 समस्याओं की सुनवाई की गई। इनमें से 100 जनसमस्याएं जनमंच से पहले प्राप्त हो गई थीं, जबकि 33 जनसमस्याएं मौके पर ही उठाई गईं। कुल 133 में से करीब 80 जनसमस्याओं का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया और वन मंत्री ने अधिकारियों को अन्य समस्याओं को भी अतिशीघ्र निपटाने के आदेश दिए।
               गोविंद सिंह ने कहा कि प्रदेश भर में आयोजित किए जा रहे जनमंच कार्यक्रमों के बहुत ही अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। इनके माध्यम से सरकार आम लोगों तक पहुंचने और उनकी समस्याओं का त्वरित निपटारा करने में सफल हो रही है। इन कार्यक्रमों का सीधा लाभ आम लोगों को हो रहा है। इस अवसर पर वन मंत्री ने बेटी है अनमोल योजना के तहत कन्याओं को एफडी के दस्तावेज और उपहार भी वितरित किए। कार्यक्रम में आयुष्मान भारत योजना के 50 कार्ड बनाए गए तथा आधार नंबर के लिए 200 फार्म भरे गए। एचआरटीसी बस पास के लिए 110 ग्रीन कार्ड व 10 स्मार्ट कार्ड मौके पर ही बनाए गए। राजस्व विभाग के अधिकारियेां ने तीन आय प्रमाणपत्र, दो जाति प्रमाणपत्र और एक वसीयत के दस्तावेज जारी किए। पानी के कनैक्शन के 19 फार्म भी भरे गए तथा 200 बागवानों को उद्यान कार्ड बांटे गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए मेडिकल जांच शिविर में 117 लोगों का चैकअप किया गया। 32 लोगों का शुगर और 4 लोगों का खून टैस्ट किया गया।
           इससे पहले स्थानीय विधायक किशोरी लाल ने वन मंत्री का स्वागत किया तथा जनमंच कार्यक्रम की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पिति के अध्यक्ष अमर ठाकुर, एडीएम अक्षय सूद, एएसपी राजकुमार चंदेल और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

News Archives

Latest News