DNN आनी (चमन)
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू ज़िला के पुलिस थाना निरमण्ड के अंतर्गत 6 नाबालिग छात्रों का रहस्यमयी ढंग से लापता होने के 6 दिन बाद भी अभी तक कोई सुराग नहीं लगा और अब थाना में दो और नाबालिगों के गायब होने का मामला दर्ज हो गया है। ये दोनों बच्चे अरसू स्कूल में पढ़ते थे। जिनमें से एक स्थानीय और एक नेपाली मूल का नाबालिग बताया जा रहा है। निरमण्ड में एक के बाद एक 8 नाबालिगों के गायब होने के मामले दर्ज होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है। ताजा मामले सोमवार को देर शाम को दर्ज हुए हैं। पुलिस के अनुसार इन दो बच्चों के परिजनों ने पहले इन्हें अपने स्तर पर तलाश करने का प्रयास किया। असफलता हाथ लगने पर सोमवार को पुलिस थाना निरमण्ड में मामला दर्ज करवा दिया।
वहीं अब लापता बच्चों के परिवार वालों की चिंता बढ़ने लगी है। वहीं पुलिस इन्हें तलाशने की सारी तरकीबें अपनाए हुए है। निरमण्ड पुलिस ने गायब बच्चों की तलाश में जगह जगह सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ है। जबकि पहले गायब सभी बच्चों ने अपनी लोकेशन को छुपाया है और अपने परिजनों से अलग अलग नम्बरों से सम्पर्क कर उन्हें ना तलाशने को कहा है। उनका कहना है कि वे जहां भी है खुश हैं।
वहीं पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह इन 6 छात्रों में से किसी ने अपने किसी परिजन से सम्पर्क कर उनके खर्चे के लिए कुछ पैसों को एक खाता नम्बर देकर उसमे डलवाने को भी कहा। वहीं पुलिस काल डिटेल के आधार पर भी इनकी अब तक कि लोक्शन का अंदाजा लगाने के प्रयास में हैं। लेकिन अभी पुलिस को कॉल डिटेल्स मिली नहीं है। वहीं लापता बच्चों द्वारा बार बार अलग अलग नम्बरों से सम्पर्क करना भी पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है।
डी.एस.पी.आनी तेजेन्दर वर्मा ने बताया कि उन्होंने निरमंड जाकर इनके परिजनों से मुलाकात भी की और इन लापता छात्रों की जानकारी प्राप्त की।
ज्ञात रहे कि गत 21 नवम्बर को निरमंड क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से 5 छात्र और 1 छात्रा रहस्यमयी ढंग से गायब हो गये थे । इसके बाद परिजनों ने पहले अपने सतर पर इनको ढूढने का प्रयास किया । जब ये कहीं नहीं मिले तो 24 नवम्बर शनिवार को परिजनों ने इसकी रिपोर्ट निरमंड पुलिस थाने मे दर्ज करवाई थी।















