क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में आयोजित कार्यक्रम में 90 लोगों ने लिया भाग, एचआईवी सहित अन्य संक्रमणों की रोकथाम पर दिया जोर
Dnewsnetwork
ऊना, 19 नवम्बर.क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के सभागार में उच्च जोखिम समूहों (एचआरजी) और संवेदनशील वर्गों के लिए कानूनी एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ऊना के सहयोग से हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अंतर्गत कार्यरत सनराइज एनजीओ टीआईपी ऊना द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 90 लोगों ने भाग लिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की अधिवक्ता बबिता ने प्रतिभागियों को उनके कानूनी अधिकारों, संबंधित कानूनों और निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी।

इस दौरान जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विशाल ठाकुर ने एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और सिफलिस जैसे संक्रमणों की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कर्मचारियों और स्वयंसेवकों से राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन के 95-95-95 लक्ष्य और एमएएस अभियान को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पुष्पिंदर राणा, डॉ. चारू, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपाल कृष्ण, नर्सिंग अधीक्षक ललिता जसवाल, एआरटी एवं आईसीटीसी काउंसलर सहित सनराइज एनजीओ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर मोहिंदर पाल डोगरा, प्रोजेक्ट मैनेजर शैल्ली डोगरा तथा अन्य कर्मचारी व स्वयंसेवक उपस्थित रहे।














