DNN सोलन
हिमाचल प्रदेश में अब यातायात ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल भी चालान कर सकेंगे। पुलिस विभाग ने ऐसे कांस्टेबलों को अब चालान बुक थमा दी है, जिनकी योग्यता स्नातक है और वे लोअर पास (पुलिस विभाग का टेस्ट) है। इसके तहत सोलन में यह कार्य शुरू हो चुका है। यहां पर एसपी सोलन ने कांस्टेबलों को यह शक्तियां दे दी है और वे अब चालान बुक के साथ दिखाई दे रहे है। इससे यातायात ड्यूटी पर तैनात हैड कांस्टेबलों को कुछ राहत मिल सकती है, क्योंकि उन्हें पहले ही वाहन दुर्घटनाओं की जांच में लगाया गया है, ऐसे में उन्हें दोनों कार्य करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार ने पहले भी कांस्टेबल स्तर पर यातायात ड्यूटी के दौरान चालान करने की शक्तियां प्रदान की थी, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया। अब दोबारा से यह शक्तियां दी गई है, लेकिन इस बार इसमें कुछ बदलाव किया गया है। इसके तहत अब केवल वहीं कांस्टेबल चालान कर सकेगा जिसकी शैक्षणिक योग्यता स्नातक है और उसने पुलिस विभाग का लोअर टेस्ट पास किया हुआ है। इस मामले की पुष्टि करते हुए एस.पी. मधुसूदन शर्मा ने बताया कि विभाग के आदेश के बाद यातायात ड्यूटी में तैनात कुछ कांस्टेबलों को चालान बुक दी गई है। चालान की शक्तियां केवल उन्हीं कांस्टेबलों को है, जिनकी शैक्षणिक योग्यता स्नातक है और उन्होंने विभाग का टेस्ट पास करने के साथ साथ टेनिंग की गई है।















