बरोटीवाला में जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रा टूर्नामेंट का समापन विधायक राम कुमार चौधरी ने विजेता टीमों को किया सम्मानित

Baddi + Doon Politics

Dnewsnetwork

बद्दी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोटीवाला (सीबीएसई) में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रा टूर्नामेंट का समापन हो गया। समापन समारोह में दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता में जिले के 50 स्कूलों की 492 छात्राओं ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लिया। हॉकी में जीएनपीएस जगातखाना विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर उपविजेता रही। बास्केटबॉल में सेंट मैरीज़ कसौली ने पहला तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ओच्छघाट ने दूसरा स्थान हासिल किया। हैंडबॉल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नवगांव विजेता और रैडू उपविजेता रही, जबकि फुटबॉल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांडा विजेता तथा कंडाघाट उपविजेता रही।

टेबल टेनिस में डीपीएस सोलन विजेता और ओरोबिंदो बद्दी उपविजेता, बॉक्सिंग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मांगल विजेता और नालागढ़ उपविजेता रही। जूडो में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन तथा मंझोली क्रमशः विजेता व उपविजेता रहे। कुराश में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा महलोग उपविजेता रही।

थोड़ा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नालागढ़ विजेता और रैडू उपविजेता, ताइक्वांडो में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दभोटा विजेता और वीआरपीएस बद्दी उपविजेता रही। वेटलिफ्टिंग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भाटियान विजेता तथा नवज्योति खरुणी उपविजेता रही। कराटे में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंडी ‘ए’ विजेता और डीपीएस सोलन उपविजेता रहा। मार्च पास्ट में राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोटीवाला विजेता तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन उपविजेता रही।

खेलों से विकसित होती है टीम भावना : चौधरी

इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के साथ-साथ एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं। खेलों से बच्चों का शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास होता है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने कहा कि जीवन में सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

बद्दी में 10 करोड़ से बनेगा राज्य स्तरीय खेल मैदान

विधायक ने कहा कि उनके पिछले कार्यकाल में बद्दी में इनडोर स्टेडियम का निर्माण करवाया गया था। वर्तमान में बद्दी में राज्य स्तरीय खेल मैदान के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। भूमि स्थानांतरण की प्रक्रिया चल रही है और इसके पूरा होते ही मैदान का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रदेश सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी भी दी।

पांच और स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम की तैयारी

राम कुमार चौधरी ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बद्दी, बरोटीवाला और चंडी में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया जा चुका है। बरोटीवाला स्कूल में सीबीएसई पाठ्यक्रम के लिए 11 अध्यापकों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि झाड़माजरी, मानपुरा, पट्टा, गुल्लरवाला और कुठाड़ के पांच अन्य स्कूलों को भी भविष्य में सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बरोटीवाला स्कूल में पानी की निकासी की व्यवस्था के लिए एचपीआईडीसी के माध्यम से 19 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। स्कूल के खेल मैदान का 13 लाख रुपये की लागत से सुदृढ़ीकरण किया जा चुका है, जबकि बाउंड्री वॉल के निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करवाया जा रहा है।

विधायक ने बताया कि बरोटीवाला स्कूल में उनके कार्यकाल के दौरान करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न प्रयोगशालाओं का निर्माण करवाया गया है। इसके अलावा दून विधानसभा क्षेत्र में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से स्कूल भवनों एवं परीक्षा भवनों का निर्माण करवाया जा चुका है।

उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 10 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलतार सिंह ठाकुर, उत्तर रेलवे नई दिल्ली के वरिष्ठ विद्युत अभियंता आर.के. शर्मा, स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. संजय शर्मा, एडीपीओ सोलन हेमराज, टूर्नामेंट पर्यवेक्षक एवं प्रधानाचार्य रेणू रामपाल, टूर्नामेंट प्रभारी कमला ठाकुर सहित समाजसेवी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Latest News