नौणी विवि में 29 सितंबर तक करें आवेदन 3 अक्टूबर को होगी काउंसलिंग

Others Solan

Dnewsnetwork

नौणी: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय (यूएचएफ), नौणी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक डिग्री कार्यक्रमों में स्व-वित्तपोषित सीटों पर प्रवेश के लिए विशेष काउंसलिंग राउंड हेतु नए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह विशेष राउंड विश्वविद्यालय द्वारा तीन चरणों की काउंसलिंग सफलतापूर्वक पूरा किए जाने के बाद आयोजित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय ने उन अभ्यर्थियों के अनुरोधों के आधार पर विभिन्न कार्यक्रमों में अतिरिक्त सीटें भी उपलब्ध करवाई हैं, जो पहले की प्रवेश प्रक्रिया के दौरान आवेदन नहीं कर पाए थे।

औद्यानिकी महाविद्यालय, नौणी में बीएससी (ऑनर्स) हॉर्टिकल्चर, बीएससी एग्रीकल्चर (ऑनर्स) नेचुरल फार्मिंग, बीटेक (फूड टेक्नोलॉजी), बीटेक बायोटेक्नोलॉजी तथा बीएससी (ऑनर्स) एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट में सीटें उपलब्ध हैं। वानिकी महाविद्यालय, नौणी में बीएससी (ऑनर्स) फॉरेस्ट्री में सीटें उपलब्ध हैं। औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, थुनाग, गोहर, मंडी में बीएससी (ऑनर्स) हॉर्टिकल्चर में सीटें उपलब्ध हैं। वहीं, औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, नेरी, हमीरपुर में बीएससी (ऑनर्स) हॉर्टिकल्चर, बीएससी (ऑनर्स) फॉरेस्ट्री, बीटेक (फूड टेक्नोलॉजी) तथा बीटेक बायोटेक्नोलॉजी में सीटें उपलब्ध हैं।

सभी स्व-वित्तपोषित सीटें राष्ट्रीय स्तर पर प्रवेश के लिए खुली हैं। प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए 10+2 परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत कुल अंक अनिवार्य हैं। एससी/एसटी, दिव्यांगजन तथा अनाथ बच्चों के लिए न्यूनतम अंकों में छूट देते हुए 45 प्रतिशत निर्धारित किए गए हैं।

मेरिट तैयार करने के लिए अंग्रेजी विषय के साथ भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान/गणित, कृषि भौतिकी, कृषि रसायन, कृषि जीव विज्ञान तथा कृषि में से किसी भी तीन विषयों में प्राप्त अंकों को ध्यान में रखा जाएगा। विशेष काउंसलिंग राउंड में प्रवेश मेरिट, उपलब्ध सीटों तथा निर्धारित पात्रता मानदंडों के आधार पर किया जाएगा।

अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करना होगा। स्व-वित्तपोषित सीटों की काउंसलिंग में पहली बार भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित काउंसलिंग शुल्क भी जमा करना होगा तथा काउंसलिंग के समय भुगतान की रसीद साथ लानी होगी।

नए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 29 सितंबर, 2026 है, जबकि काउंसलिंग राउंड 3 अक्टूबर, 2026 को यूएचएफ नौणी के मुख्य परिसर स्थित डॉ. एल.एस. नेगी सभागार में आयोजित किया जाएगा।

काउंसलिंग में उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सर्टिफिकेट के साथ उनकी स्व-सत्यापित प्रतियां लानी होंगी। इनमें 10वीं का प्रमाण पत्र, 10+2 की मार्कशीट, अंतिम विद्यालय/संस्थान से प्राप्त चरित्र प्रमाण पत्र, काउंसलिंग शुल्क भुगतान का प्रमाण तथा अन्य लागू प्रमाण पत्र, साथ ही ABC/APAAR ID शामिल हैं।

विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले स्नातक प्रवेश विवरणिका तथा उसमें किए गए आगामी संशोधनों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है। अभ्यर्थियों को आधिकारिक अपडेट के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट नियमित रूप से देखने की भी सलाह दी गई है। पात्र अभ्यर्थियों के लिए काउंसलिंग स्थल पर उपस्थिति तथा काउंसलिंग समिति के समक्ष उपस्थित होना अनिवार्य है।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.uhf.ac.in पर जा सकते हैं।

Latest News