NUJI की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार

Others Sirmaur

जयपुर में 28 नवंबर से तीन दिवसीय राष्ट्रीय महाधिवेशन, पत्रकार सुरक्षा कानून व मीडिया काउंसिल की मांग उठी

Dnewsnetwork

नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया (NUJI) की नवनिर्वाचित राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में विधिवत कार्यभार संभाल लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर विभिन्न राज्यों से पहुंचे पत्रकारों और संगठन के प्रतिनिधियों ने नई कार्यकारिणी का स्वागत किया।
नई कार्यकारिणी में वरिष्ठ पत्रकार राकेश थपलियाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष, राकेश कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय महासचिव तथा रामचंद्र कन्नोजिया ने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। समारोह के बाद आयोजित बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा, वेतन एवं भत्ते, श्रम कानूनों के पालन, डिजिटल मीडिया की चुनौतियों तथा पत्रकारिता की विश्वसनीयता से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पत्रकारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए NUJI के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने कहा कि देशभर में पत्रकार कई स्तरों पर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। पत्रकारों की सुरक्षा, कार्यस्थल पर शोषण, असमान वेतन और सामाजिक सुरक्षा का अभाव गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए देशभर के पत्रकारों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी से पत्रकार समुदाय को काफी उम्मीदें हैं और संगठन को इन चुनौतियों का मजबूती से सामना करना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने और प्रेस काउंसिल के स्थान पर अधिक अधिकारों वाली मीडिया काउंसिल गठित करने की मांग की।
जयपुर में 28 नवंबर से राष्ट्रीय महाधिवेशन
राष्ट्रीय महासचिव राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि NUJI का तीन दिवसीय राष्ट्रीय महाधिवेशन आगामी 28 नवंबर से जयपुर में आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से पत्रकारों के शामिल होने की संभावना है।
महाधिवेशन में पत्रकारिता और मीडिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इनमें पत्रकारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा, डिजिटल मीडिया की बढ़ती चुनौतियां, उचित वेतन एवं भत्ते, कार्यस्थल की सुरक्षा, मीडिया संस्थानों में श्रम कानूनों का पालन तथा पत्रकारिता की विश्वसनीयता और जवाबदेही प्रमुख रहेंगे।
उन्होंने कहा कि महाधिवेशन में पारित राष्ट्रीय प्रस्ताव केंद्र और राज्य सरकारों को भेजा जाएगा, ताकि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।
संगठन को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रामचंद्र कन्नोजिया ने कहा कि पत्रकारों के हितों के लिए प्रभावी संघर्ष तभी संभव है, जब संगठन आर्थिक और सांगठनिक रूप से मजबूत हो। उन्होंने राज्य इकाइयों और संगठन के प्रतिनिधियों से सदस्यता विस्तार, नियमित सांगठनिक गतिविधियों तथा वित्तीय सहयोग में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों में काम करने वाले पत्रकारों तक संगठन की सहायता और योजनाएं पहुंचाने के लिए मजबूत नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि सम्मानित
समारोह के अंत में विभिन्न राज्यों से पहुंचे नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों को सम्मानित किया गया। हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और दक्षिण भारत के राज्यों से आए प्रतिनिधियों को पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।
हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की ओर से प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र देव आर्य तथा प्रदेश संगठन मंत्री एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य गोपाल दत्त शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
नई कार्यकारिणी ने पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने और संगठन को देशभर में मजबूत करने का संकल्प दोहराया।।

Latest News