बीपीएल चयन में पारदर्शिता से पात्र परिवारों को मिलेगा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ : कुलदीप सिंह पठानिया

Chamba Others
DNEWSNETWORK
चंबा, (बनीखेत) अगस्त 12
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि बीपीएल परिवारों के चयन में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित कर राज्य सरकार ने गरीब एवं वंचित वर्गों को उनकी पात्रता के आधार पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाया है।
विधानसभा अध्यक्ष आज बीपीएल चयनित परिवारों के साथ संवाद कार्यक्रमों की निरंतरता में तीसरे दिन बनीखेत स्थित चिनार पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाग लेते हुए बोल रहे थे ।
कार्यक्रम में क्षेत्र की 20 ग्राम पंचायतों के लाभार्थियों ने हिस्सा लिया।
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि संवाद कार्यक्रम के माध्यम से यह भी सुनिश्चित बनाया जा रहा है कि गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले प्रत्येक पात्र परिवार की पहचान हो और उसे सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि चंबा जिला में वर्तमान सर्वेक्षण के अनुसार लगभग 50 हजार परिवार बीपीएल श्रेणी में चिन्हित हुए हैं तथा प्रक्रिया बिना भेदभाव किए पूरी तरह जरूरतमंद परिवारों की पहचान के आधार पर आठ चरणों में की गई है ।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आपदा के दौरान प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने में भी प्रदेश सरकार ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाया है। प्रभावित परिवारों को दी गई राहत राशि प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से उपलब्ध करवाई है और राहत प्रदान करते समय राजनीतिक विचारधारा को आधार नहीं बनाया गया।
साथ में उन्होंने यह भी कहा कि बीपीएल परिवारों की महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना के तहत 1500 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा जरूरत के समय छोटी से छोटी आर्थिक सहायता भी गरीब परिवार के लिए महत्वपूर्ण होती है।
मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि निराश्रित बच्चों के पालन-पोषण, शिक्षा, आवास और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए प्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक पहल की है। निराश्रित बच्चों के समग्र कल्याण और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए इस प्रकार की व्यापक योजना देश के अन्य किसी भी राज्य में कार्यान्वित नहीं की गई है।
कुलदीप सिंह पठानिया ने पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वे पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा इन योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय सहयोग करें।
उन्होंने इस दौरान उपस्थित लोगों की विभिन्न समस्याओं को सुना और अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया।
विधानसभा अध्यक्ष का इससे पहले उपमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) अनिल भारद्वाज ने स्वागत किया।
खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा ने स्वागत संबोधन रखते हुए विकासखंड भटियात से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की।
सदस्य निदेशक मंडल राज्य वन निगम चेला कृष्ण चंद, पुलिस उपाधीक्षक शेर सिंह, वन मंडल अधिकारी डॉ. कुलदीप जमवाल, अधिशासी अभियंता पंकज राठौर, राकेश ठाकुर, नरेंद्र चौधरी, देवेंद्र राणा सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि इस अवसर पर उपस्थित रहे।

Latest News