Dnewsnetwork
सोलन। भारतीय डाक कर्मचारी महासंघ ने डाक विभाग के निजीकरण, कर्मचारियों पर बढ़ते कार्यभार तथा विभिन्न लंबित मांगों को लेकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। भारतीय डाक कर्मचारी महासंघ सोलन डिवीजन के सचिव राजेश वर्मा का कहना है कि विभाग को बचाने, कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने तथा श्रमिकों के अधिकारों के संरक्षण के उद्देश्य से यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।
महासंघ द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 20 से 27 जुलाई 2026 तक कर्मचारी कार्यालयों में ब्लैक बैज बांधकर कार्य करेंगे। इसके बाद 28 जुलाई 2026 को लंच अवकाश के दौरान मंडलीय कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 5 अगस्त 2026 को देशभर में एक दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी समाधान न होने की स्थिति में 18 अगस्त 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है।
महासंघ ने अपनी प्रमुख मांगों में कर्मचारियों पर टारगेट के नाम पर बनाए जा रहे दबाव को समाप्त करने, विदेशी कंपनी मैकेंज़ी के सुझावों के आधार पर किए जा रहे निजीकरण के प्रयासों को रोकने, मेल मोटर सेवा सहित विभिन्न रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती करने, विभाग में भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं पर प्रभावी कार्रवाई करने, पोस्टल अकाउंट्स के विकेंद्रीकरण को रोकने, भूतपूर्व सैनिक कर्मचारियों की वेतन विसंगतियां दूर करने, मृतक आश्रितों को समायोजन देने तथा एनडीसी (NDC) प्रणाली समाप्त कर पुरानी डिलीवरी व्यवस्था बहाल करने जैसी मांगें शामिल की हैं।
महासंघ का कहना है कि यदि सरकार और डाक विभाग ने कर्मचारियों की मांगों पर समय रहते सकारात्मक पहल नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग एवं सरकार की होगी।














