Dnewsnetwork
चिरगांव, 18 जून। जिला शिमला के चिरगांव क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कुल 3,591 अफीम के पौधे बरामद किए हैं। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
शिमला के एसपी गौरव सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को पुलिस थाना चिरगांव की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान चमराड़ा क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती किए जाने की गोपनीय सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने स्थानीय स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान पुलिस को सेब के पौधों के बीच अवैध रूप से उगाए गए 1,570 अफीम के पौधे बरामद हुए। बरामद पौधों में से कुछ को नमूने के रूप में कब्जे में लेकर सील किया गया, जबकि शेष पौधों को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 के तहत पुलिस थाना चिरगांव में मामला दर्ज किया गया।
पहले मामले की जांच के दौरान पुलिस को चमराड़ा क्षेत्र में ही अवैध अफीम की खेती से संबंधित एक और गोपनीय सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में दोबारा तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान सेब के बगीचे में खसरा नंबर 702 की भूमि पर अवैध रूप से उगाए गए 2,021 अफीम के पौधे बरामद किए गए। यहां भी पुलिस ने आवश्यक नमूने कब्जे में लेकर सील किए तथा शेष पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस संबंध में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में कुल 3,591 अफीम के पौधे बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है तथा दोनों मामलों की विस्तृत जांच पुलिस थाना चिरगांव द्वारा की जा रही है।














