सोलन ज़िला में स्थापित होगा हिम ईरा प्रीमियम शोरूम

Arki Others Politics

14.67 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले स्लैब कल्वर्ट कार्य की रखी आधारशिला
गांव धोबटन में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत सुनी जन समस्याएं

Dnewsnetwork
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सोलन ज़िला में हिम ईरा प्रीमियम शोरूम स्थापित किया जाएगा। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़ला के गांव धोबटन में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत जन समस्याएं सुनने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने इस अवसर पर दाड़लाघाट से गांव धोबटन तक रोगी वाहन योग्य सड़क मार्ग पर 14.67 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले स्लैब कल्वर्ट कार्य की आधारशिला रखी।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सम्पर्क मार्ग आर्थिक उत्थान के साथ-साथ सामाजिक बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सम्पर्क मार्ग, सुविधा युक्त विद्यालय, घर-द्वार के समीप चिकित्सा सहायता और उचित स्थान पर फसल बिक्री के लिए प्रयास कर रही है ताकि लोगों को सही समय पर सही सहायता मिल सके।
संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के दूर-दराज़ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को शीघ्रता से सुलझाने और अधिकारियों की मौजूदगी में क्षेत्रों की ज़रूरतों को समयबद्ध पूरा करने के लिए सरकार आपके द्वार कार्यक्रम आरम्भ किया गया है।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं, शिकायतों व मांगों को उच्च स्तर तक पहुंचाने में पंचायत प्रतिनिधियों की अहम भागीदारी होती है। उन्होंने कहा कि योग्य प्रतिनिधि ही विकास की धारा को और आगे बढ़ाने में सहायक बनते हैं। उन्होंने ग्रामीणों का आह्वान किया कि समय पर योजनाओं का लाभ प्राप्त करने और समग्र विकास के लिए शिक्षित एवं योग्य प्रतिनिधि का चुनाव करें।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण आर्थिकी में स्वयं सहायता समूहों का विशेष योगदान हैं। स्वयं सहायता समूह जहां क्षेत्र विशेष में समूह के माध्यम से बेहतर आजीविका प्रदान करने में सक्षम हैं वहीं यह समूचे क्षेत्र की आर्थिकी में व्यापक बदलाव का ज़रिया भी बनते हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बिक्री के लिए उपयुक्त मंच एवं मूल्य प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार शिमला शहर में एक हिमाचल हाट और सोलन सहित चार अन्य स्थानों पर हिम ईरा प्रीमियम शोरूम स्थापित करेगी।
उन्होंने धोबटन गांव में मोक्षधाम में डंगा लगाने व अन्य कार्य के लिए 02 लाख रुपए, धोबटन व नौणी गांव के लिए 10-10 स्ट्रीट लाइट तथा धोबटन गांव में खेल मैदान के प्रारम्भिक निर्माण कार्य के लिए 01 लाख रुपए देने की घोषणा की।
संजय अवस्थी ने इस अवसर पर ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत समस्याएं सुनी और अधिकारियों को इनके समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए।

News Archives

Latest News