Dnewsnetwork बद्दी
इक्फ़ाई विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश (IUHP) ने 08 नवम्बर 2025 को अपना तीसरा दीक्षांत समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया। यह समारोह विश्वविद्यालय परिसर, अटल शिक्षा कुंज, हिमुडा एजुकेशनल हब बद्दी में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. वी. एन. राजशेखरन पिल्लै, कुलपति प्रो. केशव शर्मा, करियर लॉन्चर के संस्थापक एवं अध्यक्ष सत्य नारायण आर, तथा रजिस्ट्रार डॉ. भरत भूषण सहित सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
स्वर्गीय श्री एन. जे. यसस्वी जी द्वारा स्थापित इक्फ़ाई फाउंडेशन देश में निजी क्षेत्र में उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाला अग्रणी संस्थान है। वर्तमान में आईसीएफएआई समूह, जो कि एक नॉट-फॉर-प्रॉफिट सोसाइटी है, देशभर में 11 विश्वविद्यालय, 09 बिजनेस स्कूल, 09 लॉ स्कूल, 07 टेक स्कूल तथा 03 फार्मा स्कूल संचालित कर रहा है।
इक्फ़ाई विश्वविद्यालय, हिमाचल प्रदेश वर्तमान में 38 पाठ्यक्रमों की पेशकश कर रहा है, जिनमें विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएच.डी. कार्यक्रम शामिल हैं। विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को न केवल एक सक्षम पेशेवर बनने के लिए बल्कि एक अच्छे नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करता है, ताकि वे समाज के कल्याण में योगदान दे सकें। इस दीक्षांत समारोह में वर्ष 2025 के 365 विद्यार्थियों को डिग्रीयां प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त, सत्र 2024-25 के 30 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण एवं रजत पदक भी प्रदान किए गए।
जिन कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्यार्थियों को उपाधियाँ दी गईं, उनमें शामिल हैं – एम.एससी. केमिस्ट्री; बी.एससी. (नॉन-मेडिकल); बी.एससी. (मेडिकल); बी.एससी. (आईटी); बीसीए; बी.टेक. (सीएसई); एमबीए; एमसीए; एम.कॉम.; बीबीए; बी.कॉम.; एलएलएम; बीए एलएलबी; बीबीए एलएलबी; बीए (ह्यूमैनिटीज); एलएलबी और बी.फार्मा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के दो अध्यापकगण — डॉ. पंकज ठाकुर और डॉ. अंकित वर्मा — को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने वर्ष 2025 की विश्व के शीर्ष 2% प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों की सूची में स्थान प्राप्त किया है, जो उनके वार्षिक उद्धरणों (citations) के आधार पर तय की गई थी।
इक्फ़ाई विश्वविद्यालय, हिमाचल प्रदेश ने वर्ष 2013-14 में अपनी शैक्षणिक यात्रा आरंभ की थी और वर्तमान में इसके विभिन्न कार्यक्रमों में 1600 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इस अवसर पर कुलपति प्रो. केशव शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और उन्हें विश्वविद्यालय से प्राप्त ज्ञान और कौशल के बल पर जीवन में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों में अपनी उपाधियाँ प्राप्त कर अत्यंत उत्साह और गर्व का वातावरण था। कुलपति महोदय ने इक्फ़ाई समूह के प्रबंधन — अध्यक्ष श्रीमती शोभा रानी, अध्यक्ष (President) श्री वी. आर. शंकरा, कुलाधिपति प्रो. वी. एन. राजशेखरन पिल्लै, सदस्य सचिव डॉ. पी. वेंकटेश्वरलु तथा डॉ. दामोदर रेड्डी (IUCD) — का भी विश्वविद्यालय के सतत सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन रजिस्ट्रार डॉ. भारत भूषण द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।















