45 करोड़ रुपये से बुझेगी 16 हजार लोगों की प्यास

Kangra Others Politics

Dnewsnetwork

हिमाचल प्रदेश की ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सरकार ने देहरा विधानसभा क्षेत्र के लोगों को एक और बड़ी सौगात दी है। प्रदेश सरकार ने क्षेत्र की 8 पंचायतों की पेयजल योजनाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए नाबार्ड से 45.66 करोड़ रुपये स्वीकृत करवाये हैं। इन योजनाओं के सुदृढ़ीकरण से देहरा क्षेत्र की 8 पंचायतों के 22 गांवों और 174 बस्तियों के 16642 लोग लाभान्वित होंगे।
देहरा से कांग्रेस विधायक कमलेश ठाकुर जी ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी को क्षेत्र की पेयजल योजनाओं के जीर्णोद्धार व सुदृढ़ीकरण के लिए नाबार्ड के तहत अपनी प्राथमिकता दी थी। इन योजनाओं को भारी बरसात के दौरान भी नुकसान पहुंचा है। इससे क्षेत्र में सुचारू पेयजलापूर्ति को लेकर भी अड़चन आ रही थी।
विधायक कमलेश ठाकुर के आग्रह पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह ने पेयजल योजनाओं (WSS) मुहल, जालंधर लाहड़, ठाकुरद्वारा, रजोल, धवाला को ब्यास नदी से सुचारू पेयजल आपूर्ति व इनके सुदृढ़ीकरण के लिए नाबार्ड से यह राशि मंजूर करवाई है। इन योजनाओं के तहत रजोल, मुहल, ठाकुरद्वारा, जालंधर लाहड़, धवाला खास, शिवनाथ, खबली व ठठलेहड़ पंचायतें लाभान्वित होंगी।
विधायक कमलेश ठाकुर जी ने नाबार्ड से पेयजल योजनाओं के लिए राशि मंजूर करवाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी का धन्यवाद जताया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के सुदृढ़ीकरण से विधानसभा क्षेत्र में सुचारू पेयजलापूर्ति में सुविधा होगी। नाबार्ड ने RIDF-XXXI के अंतर्गत 45.66 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। भारी बरसात के कारण पेयजल योजनाओं को बहुत नुकसान हुआ है, जिससे पेयजलापूर्ति में जलशक्ति विभाग को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। नाबार्ड से यह राशि स्वीकृत होने पर क्षेत्र के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

100 हैंडपंपों का होगा इलेक्ट्रिफिकेशन

देहरा विधानसभा क्षेत्र में नाबार्ड के तहत 100 हैंडपम्पों का इलेक्ट्रिफिकेशन भी होगा। इससे हैंडपम्पों के पानी की आसपास के घरों में आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। नाबार्ड ने इलेक्ट्रिफिकेशन के लिए अलग से 1 करोड़ रुपये से अधिक का बजट मंजूर किया है।

News Archives

Latest News