DNN शिमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा की जयराम सरकार में बैक डोर एंट्री का दौर शुरू हो गया है। दिशा वर्कर के रूप में चुपचाप प्रदेश में पिछले दरवाजे से भर्तियां की जा रही हैं। किसी को कानोंकान खबर तक नहीं है। चहेतों को फोन कर जिलों में साक्षात्कार के लिए बुलाकर नियुक्ति देने की प्रक्रिया चल रही है। दिशा वर्कर की नियुक्तियों में भी ऐसा ही हुआ है। न तो कोई विज्ञापन दिया गया न ही कितने पद भरे जाने हैं, यह सार्वजनिक किया गया। हर ब्लॉक और जिले में भाजपा नेता अपने चहेतों की नियुक्तियां कराने में लगे हुए हैं। भाजपा समर्थित प्रधानों और नेताओं की खासमखास हर पंचायत से एक महिला साक्षात्कार के लिए भेजी जा रही है। सुक्खू ने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर इन बैक डोर एंट्री पर अंकुश लगाकर नियमानुसार आउटसोर्सिंग या अनुबंध आधार पर भर्ती करें। चूंकि, वर्तमान में नियमों की अनदेखी कर चहेतों को बिना प्रक्रिया के भरा जा रहा है। सुक्खू ने कर्ज लेने को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार सत्ता में आने के बाद से अब तक साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये का कर्ज ले चुकी है। धरातल पर विकास कार्य ठप पड़े हैं। यह राशि कहां खर्च की गई सरकार इसका हिसाब दे। सुक्खू ने कहा कि सरकार ने बोर्ड-निगमों में चेयरमैन-वाईस चेयरमैन की ताजपोशी और मौज मस्ती के लिए कर्ज लिया है। मंत्रियों के लिए नई फाच्र्यूनर खरीदी जा रही हैं। ये सब फिजूलखर्ची है। प्रदेश कर्ज में डूबा हुआ है और सरकार चहेतों को रेवडिय़ां बांटने के लिए कर्ज लेने में डटी है। सुक्खू ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार केसमय अपग्रेड स्कूल और कॉलजों को भी सरकार फंक्शनल नहीं कर रही है। जबकि, खुद धड़ल्ले से स्कूल-कॉलेज खोलने में लगी है। जयराम सरकार कांग्रेस के कार्यकाल में अपग्रेड स्कूल-कॉलेजों को जल्दी अपग्रेड करे ताकि छात्रों को घर के पास उच्च शिक्षा मिल सके। सुखविंद्र सुक्खू ने फतेहपुर के बीडीओ को निलंबित करने की निंदा की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में अधिकारियों-कर्मचारियों का उत्पीड़न बढ़ा है। उनकी सुनवाई नहीं हो रही। अच्छे सुझावों का इनाम मिलने के बजाए निलंबन की सजा मिल रही है। अधिकारियों-कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल है।
