DNN सोलन, 18 फरवरी : फर्जी डिग्री मामले को लेकर एक आर फिर सोलन के सुलतानपुर स्थित मानव भारती विश्वविद्यालय चर्चा में आ गई है। हरियाणा में एक वकील की डिग्री फर्जी निकली है जिसके बाद धर्मपुर पुलिस ने फर्जी डिग्री को लेकर कालका के एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एस.पी गौरव सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जनवरी वर्ष 2024 में पुलिस को इस संबंध में एक शिकायत मिली थी और मामले की जांच के बाद अब पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि सुनील दत्त निवासी कालका ने पुलिस थाना धर्मपुर मे रिपोर्ट दर्ज करवाई कि कालका निवासी महेश शर्मा ने मानव भारती विश्वविद्यालय लाडो सुलतानपुर सोलन से बीए व एलएलबी की जाली डिग्री हासिल की है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि इन्हीं जाली डिग्रियों के आधार पर महेश शर्मा ने बार कौंसिल पंजाब एवं हरियाणा में अपने को पंजीकृत भी करवाया।
महेश शर्मा ने मानव भारती विश्वविद्यालय से शैक्षणिक सत्र 2010-13 में बीए की डिग्री हासिल की है, जबकि इस विश्वविद्यालय में बीए स्नातक का पाठ्यक्रम वर्ष 2014 से शुरू हुआ था। इसके बाद बीए स्नातक की जाली डिग्री के आधार पर महेश शर्मा ने मानव भारती विश्वविद्यालय से एलएलबी की भी डिग्री हासिल की तथा इन्हीं जाली दस्तावेजों के आधार पर महेश शर्मा ने बार कौसिंल पंजाब हरियाणा में अपने आपको पंजीकृत करवाया । जिस पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी महेश की मानव भारती विश्वविद्यालय से जारी बीए स्नातक (शैक्षणिक सत्र 2010-13) की डिग्री की जांच करवाई गई तो पाया गया कि शैक्षणिक सत्र 2010-13 के दौरान मानव भारती विश्वविद्यालय में बीए स्नातक कोर्स की मान्यता ही नहीं थी, लेकिन आरोपी ने इसी बीए स्नातक की जाली डिग्री के आधार पर मानव भारती विश्वविद्यालय से ही एलएलबी की डिग्री हासिल की तथा इन डिग्रियों के आधार पर आरोपी ने बार कौसिंल पंजाब एवम् हरियाणा में अपने आपको पंजीकृत करवाया है । जांच के दौरान आरोपी महेश शर्मा की बीए स्नातक कोर्स की पढ़ाई से संबंधित कोई भी अभिलेख मानव भारती विश्वविद्यालय में नहीं पाया गया। जिस पर आरोपी महेश शर्मा निवासी के खिलाफ नियमानुसार नोटिस अधीन धारा 35(3)बीएनएसएस पर पाबंद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।















