DNN सोलन
प्राकृतिक आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन के सौजन्य से गीता आदर्श विद्यालय सोलन के प्रांगण में एक दिवसीय मॉकड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान आगजनी, भूस्खलन, भूकंप जैसी विभिन्न प्राकृतिक व आपदाओं से निपटने की जानकारी छात्रों को दी गई। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन ने जानकारी दी कि प्राकृतिक आपदा आने का कोई निर्धारित समय नहीं होता। इससे निपटने के लिए सभी विभागों को तत्पर रहते हुए आवश्यक मशीनरी एवं श्रम शक्ति सहित हमेशा तैयार रहना चाहिए ताकि किसी भी आपातकाल स्थिति में होने वाले नुकसान को कम किया जा सके और प्रभावित लोगों के लिए राहत व बचाव कार्य समय रहते प्रारंभ किए जा सकें। हिमाचल भूकंप की दृष्टि से काफी संवेदनशील है तथा जोन चार और पांच में आता है। जिला प्रशासन प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए समय-समय पर इस तरह के अ यास कार्यक्रम आयोजित कर रहा है ताकि लोगों को जागरूक किया जा सके।
स्कूल में सवा 11 बजे जैसे ही भूकंप आने की सूचना दी गई तो बच्चे भागते हुए अपनी कक्षाओं से बाहर निकले और खेल मैदान में एकत्रित हो गए। परिसर में जिला प्रशासन के आदेशानुसार गृह रक्षा, अग्निशमन व संबंधित विभाग अपने दल बल के साथ पहुंच गए और कार्रवाई में जुट गए। होमगार्ड व अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए जल्द से स्कूल की उपरी मंजिल में घायल अवस्था में फंसे पांच छात्रों को सीढ़ी की मदद से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया और प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया। बच्चों ने टीम के सहयोग से घायलों को सुरक्षित रास्तों से कमरों से बाहर निकाला गया।















