कांग्रेस ने नशे के खिलाफ बद्दी से बोला हल्ला, जयराम सरकार पर बरसे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष
कहा, नशाखोरी से हो चुकी बद्दी में ही 10 आत्महत्याएं, नशे की चपेट में 28 फीसदी युवा : सुक्खू
DNN बद्दी
प्रदेश में नशे के कारोबार को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। सोलन जिला के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में नशे के खिलाफ रैली कर कांग्रेस ने सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार केसत्ता में आने के बाद हिमाचल में नशे का कारोबार बढ़ा है। नशा तस्करी के अनेक मामले सामने आ रहे हैं। सरकार नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों व पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल उनकी अध्यक्षता में सीएम जयराम ठाकुर से मिला था। उन्होंने नशाखोरी रोकने के लिए कड़ा कानून बनाने की मांग उठाई थी। साथ ही कहा था कि कानून बनाने के लिए सरकार विधानसभा में बिल लेकर आए कांग्रेस पार्टी पूरा समर्थन करेगी, लेकिन जयराम सरकार नशाखोरी रोकने के लिए बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। उनकी मांग को मुख्यमंत्री ने पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया। सरकार विधानसभा में न तो बिल लाई, न ही नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए ठोस कदम उठाए गए। इससे साफ होता है कि नशा कारोबारियों को कहीं न कहीं सरकार की भी शह है। कांग्रेस पार्टी नशाखोरी के एकदम खिलाफ है और पूरे प्रदेश में इसके खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश का 28 फीसदी युवा आज नशे की चपेट में है। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में ही नशे के कारण बीते कुछ समय में दस आत्महत्याएं हो चुकी हैं। सरकार नशाखोरी पर लगाम कसने में पूरी तरह नाकाम रही है। कांग्रेस पार्टी चाहती है कि सरकार नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के पकड़े जाने पर जमानत का प्रावधान खत्म होना चाहिए। सरकार यह भी जांच कराए कि किन पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के संरक्षण में नशे का कारोबार फलफूल रहा है। सुक्खू ने कहा कि कॉस्मेटिक व सिंथेटिक ड्रग्स के कारोबार पर अंकुश लगाना समय की मांग है। अगर कड़ा कानून नहीं बनाया गया तो नशा युवा पीढ़ी बर्बाद हो जाएगी। रैली को प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली, नालागढ़ के विधायक लखविंद्र राणा, पूर्व विधायक राम कुमार चौधरी, प्रदेश महासचिव हरभजन सिंह भज्जी, इंटक प्रधान बबलू पंडित, महेश शर्मा इत्यादि ने भी संबोधित किया।















