DNN सोलन
2 जनवरी। मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व एवं नगर नियोजन) राम कुमार ने सोलन ज़िला के दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढेला में 17 लाख रुपए की लागत से निर्मित पंचायत सामुदायिक केन्द्र ढेला का लोकार्पण किया।
राम कुमार ने इस अवसर पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य गांव-गांव तक स्वास्थ्य, सड़क सुविधा, शिक्षा, विद्युत, पेयजल जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए ग्राम पंचायत ढेला के विभिन्न विकास कार्यों पर लगभग 50 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में 58 करोड़ रुपए विद्युत सुविधाओं के सुदृढ़िकरण पर व्यय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लो वोल्टेज की समस्या से निजात पाने के लिए क्षेत्र में 40 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे तथा 316 छोटे ट्रांसफार्मरों को स्तरोन्नत किया जाएगा।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल तथा सिंचाई आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए पानी की परियोजनाओं में लगी पुरानी मोटरों को चरणबद्ध तरीके से बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत ढेला के विभिन्न मार्गों पर आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाईटें स्थापित की जाएंगी ताकि लोगों को रात्रि आवाजाही में सुगमता मिले। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार दून विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों के विभिन्न गांवों में सी.आर.एस के माध्यम से सम्पर्क मार्गों पर सोलर स्ट्रीट लाईटें स्थापित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षित बेरोज़गार युवाओं को स्वरोज़गार की दिशा में अग्रसर करने के लिए सरकार द्वारा 680 करोड़ रुपए की राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना के पहले चरण के तहत ई-टैक्सी योजना शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इस योजना का दूसरा व तीसरा चरण भी शुरू किया जाएगा, जिससे युवाओं को रोज़गार के अवसर प्राप्त होंगे। राज्य सरकार ई-टैक्सी की खरीद के लिए युवाओं को 50 प्रतिशत सब्सिडी भी प्रदान कर रही है तथा उन्हें निश्चित आय भी सुनिश्चित की जाएगी।
राम कुमार ने पंचायत सामुदायिक भवन ढेला के अतिरिक्त निर्माण कार्य के लिए 05 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने ग्राम पंचायत ढेला में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया और सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने पर 17 लाख रुपए देने का आश्वासन दिया।
मुख्य संसदीय सचिव ने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और सम्बन्धित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत ढेला की प्रधान नीलम चौधरी, ग्राम पंचायत गुल्लरवाला के उप-प्रधान हेमराज, खण्ड कांग्रेस समिति दून के पूर्व अध्यक्ष दयाराम रेंजर, ग्राम पंचायत ढेला के पूर्व प्रधान आज्ञा राम, ग्राम पंचायत लोधी माजरा के पूर्व प्रधान रामलाल, पूर्व उप-प्रधान रोशनी देवी, प्रीतम, रामनाथ, ग्राम पंचायत ढेला के वार्ड सदस्य मनोहर लाल, हरबंस, सीता राम तथा देशराज, खण्ड विकास अधिकारी नालागढ़ गौरव धीमान, लोक निर्माण विभाग नालागढ़ के अधिशाषी अभियंता परवरसर, जल शक्ति विभाग बद्दी के अधिशाषी अभियंता राहुल अबरोल, विद्युत बोर्ड बद्दी के अधिशाषी अभियंता दीपक वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा ग्रामीण उपस्थित थे।















