राम कुमार ने ग्राम पंचायत दाड़वा में वितरित की 200 राशन किटें

Himachal News Others Solan

DNN सोलन

5 अगस्त। मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व एवं नगर नियोजन) राम कुमार ने कहा कि भारी वर्षा के कारण प्रभावित हुए व्यक्तियों का पुनर्वास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए वह व्यक्तिगत एवं सरकारी स्तर पर दिन-रात कार्य कर रहे हैं। राम कुमार आज दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़वां के प्रभावितों से मिल रहे थे।
उन्होंने इस अवसर पर ग्राम पंचायत दाड़वां के तरंगाला गांव के साथ लगते 15 गांवों के वर्षा से प्रभावित लगभग 200 गरीब परिवारों को राशन किटें वितरित की। उन्होंने सभी को आश्वासन दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ है और प्रभावितों को समय पर राहत पहुंचाने के लिए वह व्यक्तिगत स्तर पर भी कार्य कर रहे हैं।
मुख्य संसदीय सचिव ने सम्बन्धित पटवारियों को भारी वर्षा से प्रभावित लोगों के हुए नुकसान का शीघ्र आकलन करने के मौके पर निर्देश दिए ताकि समय पर सभी प्रभावितों को राहत राशि प्रदान की जा सके।
राम कुमार ने कहा कि इस वर्ष हुई भारी वर्षा से न केवल जन-जीवन प्रभावित हुआ है अपितु सभी जिलों में अत्याधिक नुकसान भी हुआ है। उन्होंने कहा कि आपदाओं से बचाव के लिए सरकार के साथ-साथ व्यक्तिगत प्रयास किए जाने आवश्यक हंै। उन्होंने कहा कि यह प्रयास किया जाएगा कि दून विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव में लोगों को आपदा प्रबंधन एवं नुकसान को कम करने के लिए प्रशिक्षित किया जाए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत दाड़वां के प्रधान रमेश ठाकुर, उप प्रधान हीरा लाल, पूर्व उप प्रधान व बीडीसी सदस्य गुरूदत्त, वार्ड पंच रीटा कुमारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

News Archives

Latest News