अर्की में 100 करोड़ की लागत से हो रहे है ये काम

Arki Politics Solan

DNN अर्की 
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बनाएगी कि किसानों को अपने उत्पाद मंडियों तक पहुंचाने के लिए बेहतर संपर्क मार्ग एवं परिवहन सुविधा उपलब्ध हो। डॉ. सैजल सोलन जिले के अर्की विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न संपर्क मार्गों की आधाशिला रखने के उपरांत ग्राम पंचायत सौर के कोहू गांव में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अर्की उपमंडल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न संपर्क मार्ग निर्मित किए जा रहे हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि विभिन्न संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए स्वेच्छा से भूमि उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि विकास के लिए सभी का सहयोग आवश्यक होता है। प्रदेश सरकार जनसहयोग से हिमाचल को विकास के सभी क्षेत्रों में देश का आदर्श बनाने के लिए कृतसंकल्प है।
डॉ. सैजल ने इससे पूर्व अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सौर में 5 किलोमीटर सुनेहड-तुकराहड़-जोड़ूअंब संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया। इस संपर्क मार्ग के निर्माण पर 1.03 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने ग्राम पंचायत क्यार कनैता में भरेच हरिजन बस्ती के लिए 29.91 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली 4 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़क की आधारशिला रखी। उन्होंने तदोपरांत ग्राम पंचायत मलौण एवं क्यार कनैता में चलवाना-जडौन-क्यार कनैता-डोबी-न्यू जयनगर संपर्क मार्ग का शिलान्यास भी किया। इस 2.30 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग के निर्माण पर 74.36 लाख रूपये खर्च होंगे। यह संपर्क मार्ग क्षेत्र के किसानों तथा छात्रों के लिए बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाएंगे।

 

News Archives

Latest News