DNN शिमला (रमेश वर्मा)
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला हाईप्रोफाइल तरीके से धोखाधड़ी होने का मामला सामने आया है। बालूगंज पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। शिकायत में कहा गया है कि किसी व्यक्ति ने विधानसभा का संयुक्त सचिव बनकर एक लड़के से नौकरी देने के बदले 25 हजार देने की मांग की है। इस बारे में विधानसभा के संयुक्त सचिव रमेश कुमार ने बालूगंज थाने में मामला दर्ज करवाया है।
शिकायत में उन्होंने बताया है कि किसी व्यक्ति ने संयुक्त सचिव के नाम से कमल किशोर नामक लड़के को फोन कर चतुर्थ श्रेणी के पद पर नौकरी देने का झांसा दिया। उन्होंने कहा कि इसके बदले उसे 25 हजार देने पड़ेंगे। रमेश कुमार ने कहा अज्ञात व्यक्ति ने संयुक्त सचिव के नाम से नौकरी दिलाने का झांसा देकर विधानसभा की छवि को धूमिल किया है। थाना बालूगंज में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।


















